देवभोग_ भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के अवसर पर जून माह में स्कूल एवं कॉलेजों में विद्यार्थियों को नवीन भारतीय कानूनों से परिचित कराने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट हिंदी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, देवभोग में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान थाना देवभोग के आरक्षक नेमीचंद पटेल ने विद्यार्थियों को देश में लागू किए गए नवीन आपराधिक कानूनों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने नए कानूनों के मूल ध्येय वाक्य "दंड से न्याय की ओर" के महत्व को समझाते हुए बताया कि नई न्याय व्यवस्था का उद्देश्य केवल अपराधियों को दंडित करना नहीं, बल्कि पीड़ितों को त्वरित एवं प्रभावी न्याय दिलाना है।
विद्यार्थियों को बताए गए नए कानूनों के प्रमुख बदलाव
आरक्षक नेमीचंद पटेल ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम में किए गए महत्वपूर्ण सुधारों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था में तकनीक आधारित जांच, समयबद्ध न्याय प्रक्रिया और पीड़ितों के अधिकारों को विशेष महत्व दिया गया है।
कानूनी जागरूकता से सशक्त होंगे युवा
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को कानून की जानकारी रखने, साइबर अपराधों से सतर्क रहने तथा अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों ने भी नए कानूनों को लेकर उत्सुकता दिखाई और विभिन्न प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की।



