Top News

देवभोग के माटीपुत्र देवेंद्र सिंह ठाकुर को मिली बड़ी जिम्मेदारी, भाजपा किसान मोर्चा रायपुर जिला राजधानी के प्रभारी नियुक्त

पहली बार देवभोग अंचल के किसी नेता को मिला रायपुर जिला प्रभारी का महत्वपूर्ण दायित्व, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_ भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक मजबूती और किसान हितों को प्राथमिकता देते हुए देवभोग क्षेत्र के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं जनसेवक देवेंद्र सिंह ठाकुर को भाजपा किसान मोर्चा जिला रायपुर (राजधानी) का प्रभारी नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही देवभोग अंचल का गौरव पूरे प्रदेश में बढ़ा है।

जानकारों के अनुसार, यह पहली बार है जब देवभोग क्षेत्र के किसी नेता को प्रदेश की राजधानी रायपुर जिले में किसान मोर्चा के प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं, किसानों और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

देवेंद्र सिंह ठाकुर लंबे समय से संगठन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। ग्रामीण अंचलों की समस्याओं को उठाने, किसानों के हितों की आवाज बुलंद करने तथा पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संगठन ने उनके अनुभव, कार्यशैली और जमीनी पकड़ को देखते हुए यह अहम दायित्व सौंपा है।

नियुक्ति की खबर सामने आते ही देवभोग, अमलीपदर सहित पूरे क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए नई जिम्मेदारी के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि देवेंद्र सिंह ठाकुर के नेतृत्व में किसान मोर्चा रायपुर जिले में और अधिक सशक्त होगा तथा किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।

क्षेत्र के लोगों ने इसे केवल एक व्यक्ति की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे देवभोग अंचल के सम्मान और पहचान से जोड़कर देखा है। उनका मानना है कि राजधानी जिले में मिली यह जिम्मेदारी क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और इससे आने वाले समय में देवभोग की राजनीतिक एवं संगठनात्मक पहचान और मजबूत होगी।

कार्यकर्ताओं ने कहा
"देवेंद्र सिंह ठाकुर को मिली यह जिम्मेदारी उनकी वर्षों की मेहनत, संगठन के प्रति समर्पण और जनसेवा का परिणाम है। यह पूरे देवभोग क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान का क्षण है।"
Previous Post Next Post