Top News

एक ही रात दो सड़क हादसे: इंदागांव के पास आम से भरी पिकअप पलटी, मैनपुर मार्ग पर ट्रक दुर्घटनाग्रस्त

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

मैनपुर_ गरियाबंद जिले के मैनपुर-इंदागांव मार्ग पर बुधवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसे सामने आए। राहत की बात यह रही कि दोनों दुर्घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहनों और माल को भारी नुकसान पहुंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ओडिशा के काशीपुर क्षेत्र से औरंगाबाद की ओर आम लेकर जा रहा एक पिकअप रात करीब 11 बजे इंदागांव थाना क्षेत्र के आगे अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। बताया जा रहा है कि वाहन का संतुलन बिगड़ने के कारण यह हादसा हुआ। पिकअप में बड़ी मात्रा में आम लदा हुआ था, जो सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना में आम की खेप को काफी नुकसान पहुंचा है, जिससे वाहन मालिक और व्यापारियों को आर्थिक क्षति होने की संभावना जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही इंदागांव पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ आवश्यक कार्रवाई भी की।
इसी मार्ग पर मैनपुर से आगे एक और सड़क दुर्घटना हुई, जहां एक 10 चक्का ट्रक पलट गया। इस हादसे में भी चालक पूरी तरह सुरक्षित रहा। दोनों घटनाओं में किसी भी व्यक्ति के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है।

लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने एक बार फिर वाहन चालकों को सावधानीपूर्वक वाहन चलाने की सीख दी है। विशेषकर रात के समय लंबी दूरी तय करने वाले भारी वाहनों के चालकों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।


Previous Post Next Post