देवभोग विकासखंड के ग्राम माखागुडा में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। इस प्राकृतिक आपदा में एक गाय और चार बैलों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार मृत पशु धनेश्वर नागेश, भगत यदु, मनोहर नागेश और शिशुपाल नागेश के बताए जा रहे हैं, जबकि एक मृत पशु के मालिक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो पाई थी। एक साथ पांच पशुओं की मौत से प्रभावित परिवारों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
बताया जा रहा है कि गुरुवार शाम मौसम अचानक खराब हो गया। तेज गर्जना और चमक के बीच गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से पशुओं की मौके पर ही मौत हो गई। धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, जहां पांचों पशु मृत अवस्था में पड़े मिले।
ग्रामीणों का कहना है कि पशु ही इन परिवारों की खेती-किसानी और आजीविका का प्रमुख आधार थे। अचानक हुए इस हादसे ने प्रभावित परिवारों को गहरे आर्थिक संकट में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।



