file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

मैनपुर में कृषि विभाग की बड़ी कार्रवाई: गुड़भेली और तेतलपारा में छापेमारी 186 बोरी खाद-बीज जब्त, अवैध भंडारण पर नोटिस जारी


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

मैनपुर_ किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद एवं बीज उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी, मुनाफाखोरी और अवैध भंडारण पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर भगवान सिंह उईके के निर्देश एवं उप संचालक कृषि चंदन रॉय के मार्गदर्शन में 16 जून 2026 को विकासखंड मैनपुर के विभिन्न खाद-बीज विक्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान ग्राम गुड़भेली में विद्याधर यादव के निवास से 60 बोरी रासायनिक उर्वरक (35 बोरी यूरिया, 15 बोरी पोटाश एवं 10 बोरी एनपीके) अवैध रूप से भंडारित पाए गए। वहीं ग्राम तेतलपारा में खेमाधर नागेश की किराना दुकान से 126 बोरी धान बीज बिना वैध अनुमति के संग्रहित मिला।

कृषि विभाग ने इसे उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985, बीज अधिनियम 1966, बीज नियम 1968 एवं बीज (नियंत्रण) आदेश 1983 का स्पष्ट उल्लंघन मानते हुए कुल 186 बोरी खाद एवं बीज जब्त कर विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया है। संबंधित व्यक्तियों को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कृषि विभाग ने जिले के किसानों से अपील की है कि खाद एवं बीज केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें तथा पक्का बिल अवश्य प्राप्त करें। साथ ही अवैध भंडारण, कालाबाजारी या अधिक कीमत पर बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल विभागीय अधिकारियों, सहकारी समितियों अथवा जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष को सूचित करें।

शासन द्वारा खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था की लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसानों को समय पर आवश्यकतानुसार उच्च गुणवत्ता वाले उर्वरक एवं बीज उपलब्ध कराए जा सकें।