देवभोग_क्षेत्र की जनसमस्याओं को संगठित रूप से उठाने और उनके निराकरण के लिए देवभोग-अमलीपदर तहसील क्षेत्र के 150 से अधिक गांवों के ग्रामीणों ने एकजुट होकर "समाधान मंच" का गठन किया। मार्केटिंग सोसायटी परिसर में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में क्षेत्र की सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, पेयजल और अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान के लिए अब गांवों को एक साझा मंच की आवश्यकता थी, जिससे शासन-प्रशासन तक प्रभावी ढंग से अपनी बात पहुंचाई जा सके।
सर्वसम्मति से हुआ पदाधिकारियों का चयन
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से कन्हैया मांझी को समाधान मंच का अध्यक्ष चुना गया। वहीं मुरलीधर नेताम को उपाध्यक्ष, विकास उपाध्याय को प्रवक्ता तथा रणवीर सोनी को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा हरीश तायल को कोषाध्यक्ष, लेवानी सिंह सोना को संगठन मंत्री, महेश्वर सिन्हा को व्यवस्था मंत्री, उमेश कश्यप को बैठक व्यवस्था प्रभारी, मो. फिरोज खान को सलाहकार तथा पंकज बीसी को सोशल मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया।
जनहित और क्षेत्रीय विकास होगा प्राथमिक उद्देश्य
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि समाधान मंच किसी राजनीतिक दल का हिस्सा नहीं होगा, बल्कि यह पूरी तरह सामाजिक और जनहितकारी मंच के रूप में कार्य करेगा। मंच का उद्देश्य क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों और प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखना तथा उनके निराकरण के लिए सामूहिक प्रयास करना होगा।
ग्रामीणों में दिखा उत्साह
बैठक में शामिल ग्रामीणों ने मंच के गठन को क्षेत्र के लिए एक सकारात्मक पहल बताया। उनका कहना था कि एकजुट प्रयासों से ही विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम लोगों की आवाज प्रभावी ढंग से शासन तक पहुंच सकेगी।


