गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने बुधवार को गरियाबंद जिले के ग्राम दर्रापारा में अखिल भारतीय गोंडवाना गोंड महासभा केंद्रीय समिति बिन्द्रानवागढ़ द्वारा निर्मित 1 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत वाले कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उनका पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाजों के साथ पगड़ी पहनाकर एवं तिलक लगाकर भव्य स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने आदिवासी देवस्थल देवठाना में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की तथा "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कचना ध्रुवा की यह पावन भूमि आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि नव निर्मित गोंडवाना भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा समाज को नई दिशा प्रदान करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सरकार "मोदी की गारंटी" के अनुरूप गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के हित में लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं। किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान का मूल्य दिया जा रहा है तथा महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को हर माह आर्थिक सहायता मिल रही है।
उन्होंने कहा कि कभी गरियाबंद और बस्तर क्षेत्र नक्सलवाद की चुनौती से जूझते थे, लेकिन अब यहां शांति, विकास और विश्वास का माहौल है। सरकार की योजनाओं से गांवों तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और राशन जैसी सुविधाएं पहुंच रही हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन के विकास के लिए 63 लाख रुपये की घोषणाएं भी कीं। इनमें बाउंड्रीवाल निर्माण हेतु 27 लाख रुपये, ग्रंथालय के लिए 20 लाख रुपये, भगवान कचना ध्रुवा की प्रतिमा स्थापना हेतु 6 लाख रुपये तथा भवन सौंदर्यीकरण के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।
कार्यक्रम को आदिम जाति विकास मंत्री श्री राम विचार नेताम ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि समाज की संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए शिक्षा एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक श्री रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



