रायपुर_छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने प्रदेशभर में प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से बड़े पैमाने पर तबादला आदेश जारी किया है। 16 जून 2026 को जारी आदेश के तहत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ), प्रभारी सीईओ, सहायक परियोजना अधिकारी एवं अन्य अधिकारियों सहित कुल 27 अधिकारियों के स्थानांतरण किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार कई जिलों और जनपद पंचायतों में पदस्थ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शासन का मानना है कि इस फेरबदल से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी और पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में सुधार होगा।
तत्काल प्रभाव से लागू हुआ आदेश
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरित अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। आगामी माह का वेतन भी नवीन पदस्थापना कार्यालय से आहरित किया जाएगा।
कई जिलों के अधिकारी प्रभावित
इस तबादला सूची में रायपुर, महासमुंद, गरियाबंद, दुर्ग, बलौदाबाजार, बिलासपुर, सक्ती, जांजगीर-चांपा, बालोद, राजनांदगांव, बेमेतरा, सारंगढ़-बिलाईगढ़ और अन्य जिलों के अधिकारी शामिल हैं।
प्रमुख बिंदु
पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग का बड़ा तबादला आदेश जारी।
27 अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां।
सीईओ, प्रभारी सीईओ और सहायक परियोजना अधिकारियों के तबादले।
10 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश।
आदेश तत्काल प्रभाव से लागू।




