file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने मोदी सरकार प्रतिबद्ध : भाजपा नेताओं ने गिनाईं 12 वर्षों की उपलब्धियां

देवभोग में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में जनकल्याणकारी योजनाओं, आवास, किसान सम्मान निधि और राम मंदिर निर्माण जैसे विषयों पर हुई चर्चा


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर "12 साल सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत संकल्प" विषय पर एक विशाल सभागार बैठक एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन धान उपज मंडी देवभोग में किया गया। कार्यक्रम में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और विकसित भारत के संकल्प को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सभा में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राज्य भंडार गृह निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू, महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष एवं बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा प्रभारी नेहरू निषाद, राजिम विधायक रोहित साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर, पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी, पूर्व विधायक डमरूधर पुजारी, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

सभा को संबोधित करते हुए नेहरू निषाद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अनेक ऐतिहासिक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से जन-जन तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया।


राजिम विधायक रोहित साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में बड़ी संख्या में आवास स्वीकृत किए गए हैं और हजारों परिवारों का पक्के मकान का सपना पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आवास निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और पात्र हितग्राहियों को इसका लाभ मिल रहा है।


पूर्व संसदीय सचिव गोवर्धन सिंह मांझी ने विकसित भारत संकल्प की चर्चा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व की अग्रणी शक्तियों में शामिल होने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक नारा नहीं बल्कि देश के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प है।

राज्य भंडार गृह निगम अध्यक्ष चंदूलाल साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों को गिनाने में पूरा समय निकल जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव, गरीब, किसान और युवाओं के उत्थान के लिए केंद्र सरकार लगातार कार्य कर रही है। स्वच्छता, सड़क, आवास, पेयजल, स्वास्थ्य और किसान कल्याण जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण के लिए केंद्र सरकार संकल्पित होकर कार्य कर रही है।


वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विकसित भारत के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रहे हैं। आत्मनिर्भर भारत, डिजिटल इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, स्वच्छ भारत मिशन तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के करोड़ों लोगों को लाभ मिला है।

कार्यक्रम में प्रदेश, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभा के अंत में विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया गया।