गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_ ऑपरेशन निश्चय अभियान के तहत गरियाबंद पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। थाना इंदागांव पुलिस ने 10.663 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ मध्यप्रदेश की एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के अलावा दो मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 6 लाख 43 हजार 150 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को थाना इंदागांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो मोटरसाइकिलों में सवार दो पुरुष और एक महिला ओडिशा की ओर से इंदागांव की तरफ गांजा लेकर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की धरपकड़ के लिए रवाना हुई।
इंदागांव के आगे सुभाष दुकान के सामने नाकाबंदी कर संदिग्ध मोटरसाइकिलों को रोका गया। पूछताछ और गवाहों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर दोनों मोटरसाइकिलों की सीट के नीचे छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।
पहली मोटरसाइकिल से 5.423 किलोग्राम और दूसरी मोटरसाइकिल से 5.240 किलोग्राम गांजा मिला। इस तरह पुलिस ने कुल 10.663 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया।
शहडोल के रहने वाले हैं तीनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कमलेश सिंह (32 वर्ष), देवेंद्र सिंह (21 वर्ष) और पूनम सिंह (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों मध्यप्रदेश के शहडोल जिले के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बजाज एवेंजर मोटरसाइकिल क्रमांक CG-04-LQ-1115 और CG-10-AS-0588 को भी जब्त किया है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने कब्जे में लिए हैं।
NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ धारा 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों और चेक पोस्टों पर संदिग्ध वाहनों की निगरानी एवं सघन जांच भी की जा रही है।



