उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों के शिकार और विस्फोटक सामग्री की तस्करी का मामला, पूछताछ में मिले अहम सुराग; गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में जंगली जानवरों के अवैध शिकार के लिए पोटाश बम का इस्तेमाल करने वाले गिरोह के खिलाफ वन विभाग की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। जंगली सूअर के शिकार और पोटाश बम के लेन-देन में संलिप्त दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों की जमानत याचिका भी 20 नवंबर को न्यायालय ने खारिज कर दी है। वन विभाग अब आरोपियों के बयान और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने में जुटा है।
चिखलापानी में पोटाश बम से किया गया था जंगली सूअर का शिकार
मामला उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य परिक्षेत्र रिसगांव अंतर्गत छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे आरक्षित वनक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 254-255 स्थित चिखलापानी का है। यहां 29 सितंबर 2026 को जंगली सूअर के अवैध शिकार से संबंधित वन अपराध प्रकरण क्रमांक 70/22 दर्ज किया गया था। वन विभाग के अनुसार, वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की अनुसूची-II में शामिल जंगली सूअर का पोटाश बम के जरिए शिकार किया गया था।
इस मामले में ओडिशा के नबरंगपुर जिले के रायघर तहसील अंतर्गत खिलौली गांव निवासी नरसिंग निषाद, मानसिंग राऊत, देवानंद उर्फ लैला और शेषमल गोंड सहित पोटाश बम सप्लायर भारत राठौर को पहले गिरफ्तार किया गया था। आरोपियों के खिलाफ वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी भेजा गया था।
जेल में पूछताछ के दौरान मिले अहम सुराग
प्रकरण की आगे की विवेचना के लिए न्यायालय से अनुमति लेकर 5 नवंबर 2026 को जिला जेल धमतरी में आरोपियों से विशेष पूछताछ की गई। इस दौरान उपनिदेशक वरुण जैन, सहायक संचालक बालगोविंद साहू, गोपाल सिंह कश्यप, वनक्षेत्रपाल चंद्रबली ध्रुव एवं अनुसंधान-विवेचना अधिकारी चंद्रभान साहू की टीम ने आरोपियों से पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान पोटाश बम बनाकर बेचने वाले सप्लायर भारत राठौर ने अपने साथियों के नाम बताए। इसके आधार पर वन विभाग ने मामले में आगे की जांच तेज की और दो अन्य संदिग्धों की भूमिका सामने आई।
कोरबा-कोंडागांव और धमतरी तक जुड़ रहे तार
वन विभाग के अनुसार, कोरहोबेड़ा थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव निवासी जोहरू नेताम पिता सुकाल, उम्र 40 वर्ष तथा ग्राम मुकुंदपुर, थाना सिहावा, तहसील नगरी, जिला धमतरी निवासी मनकलाल मरकाम पिता गोवर्धन, उम्र 37 वर्ष को 17 नवंबर 2026 को उनके गृहग्राम से गिरफ्तार किया गया।
दोनों को पूछताछ के लिए रिसगांव परिक्षेत्र कार्यालय के मुख्यालय सांकरा लाया गया। पूछताछ में पोटाश बम के लेन-देन, संदिग्ध विस्फोटक पदार्थों की हेराफेरी और जंगली सूअर के अवैध शिकार से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
20 नवंबर को दोनों आरोपियों की जमानत खारिज
वन विभाग की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, गिरफ्तार दोनों आरोपियों की जमानत याचिका 20 नवंबर 2026 को माननीय न्यायालय ने निरस्त कर दी। इससे मामले में आरोपियों को फिलहाल न्यायालय से राहत नहीं मिल सकी है।
पोटाश बम सप्लायर के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत भी FIR
इस मामले में एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आया है। पोटाश बम सप्लायर भारत राठौर के घर सर्च वारंट के तहत तलाशी के दौरान विभिन्न प्रकार की संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी। इसके बाद वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम के साथ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी थाना विश्रामपुरी, जिला कोंडागांव में अपराध क्रमांक 0092, दिनांक 6 नवंबर 2026 को FIR दर्ज की गई है।
जंगल में जगह-जगह पोटाश बम फैलाने से बड़ा खतरा
वन विभाग ने आशंका जताई है कि वन्यप्राणियों के शिकार के उद्देश्य से जंगल में जगह-जगह पोटाश बम फैलाकर लगाए जा रहे हैं। इससे वन्यजीवों के साथ-साथ जंगल में पेट्रोलिंग करने वाले पुलिस जवानों, वन अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों की जान-माल को भी खतरा हो सकता है।
विभाग का कहना है कि आरोपियों के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। गोपनीय सूचना तंत्र और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आगे गिरफ्तारियां की जा सकती हैं। टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में अवैध शिकार की पुनरावृत्ति रोकने और इस तरह के अपराधों में संलिप्त लोगों का मनोबल तोड़ने के लिए सघन जांच और छानबीन जारी है।
वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि इस मामले में अभी और भी अहम सुराग मिलने की संभावना है। ऐसे में पोटाश बम से वन्यजीवों के शिकार के पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क का खुलासा जांच के आगे बढ़ने के साथ हो सकता है।

