कोंडागांव के खल्लारी निवासी तुलाराम की गिरफ्तारी, न्यायालय ने भेजा धमतरी जेल: दो फरार आरोपियों की तलाश जारी
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_पोटाश बम से वन्यप्राणी जंगली सूअर का अवैध शिकार करने वाले गिरोह पर वन विभाग का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के सीतानदी अभयारण्य अंतर्गत रिसगांव परिक्षेत्र में हुए अवैध शिकार के मामले में वन विभाग ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 8 हो गई है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान तुलाराम, निवासी ग्राम खल्लारी, जिला कोंडागांव के रूप में हुई है। उसे 23 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल धमतरी भेज दिया गया।
पोटाश बम सप्लाई करने वाला भी गिरफ्तार_
इस मामले में अब तक कुल 8 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। इनमें पोटाश बम का आपूर्तिकर्ता भारत राठौर सहित कथित शिकारी और अन्य सहयोगी शामिल हैं। अवैध शिकार में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक पदार्थों की आपूर्ति और अवैध कारोबार को लेकर कोंडागांव जिले के विश्रामपुरी थाने में FIR क्रमांक 0092, दिनांक 06 नवंबर 2026 को विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की गई है।
दो आरोपी अब भी फरार, पूरे नेटवर्क की तलाश_
पूछताछ और विवेचना के दौरान गिरोह के अन्य सदस्यों की संलिप्तता को लेकर महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। मामले में दो आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। वन विभाग अवैध शिकार में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक पदार्थों के स्रोत और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रहा है।
एंटी-पोचिंग स्क्वाड की कार्रवाई_
यह कार्रवाई सहायक संचालक सीतानदी बालगोविन्द साहू के नेतृत्व में एंटी-पोचिंग स्क्वाड तथा सीतानदी, उदंती और रिसगांव परिक्षेत्र के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से की गई। वन विभाग की लगातार कार्रवाई से वन्यजीवों के अवैध शिकार में शामिल लोगों पर शिकंजा कसता जा रहा है।

