Top News

चक्रवात अकवान ने बढ़ाई किसानों की मुसीबत, रातभर जूझते रहे फिर भी नहीं बचा पाए पूरी फसल: खेतों में भीग रहा धान

कल शाम से बारिश और हवा के बीच किसानों की रातभर चली जद्दोजहद, कोई धान की बोरियां ढोता रहा तो कोई तिरपाल से फसल ढकता रहा: आज भी खेतों में कटी फसल बचाने की जंग जारी, कई किसान बारिश के बीच कर रहे कटाई......


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_किसानों की मेहनत पर एक बार फिर मौसम की मार पड़ती नजर आ रही है। खेतों में महीनों की मेहनत के बाद तैयार हुई धान की फसल अब किसानों के लिए चिंता का सबब बन गई है। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव और बारिश की आशंका के बीच गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर और देवभोग ब्लॉक के किसान अपनी फसल बचाने के लिए दिन-रात जद्दोजहद कर रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि किसान अपनी उपज को सुरक्षित रखने के लिए पूरी ताकत लगा रहे हैं, लेकिन मौसम के सामने उनकी कोशिशें भी बेबस नजर आ रही हैं।

रातभर खेतों में दौड़ते रहे किसान, फिर भी नहीं बचा पाए पूरी फसल_

गुरुवार शाम से ही मौसम बिगड़ने लगा था। देवभोग क्षेत्र में शाम करीब 5 बजे से बारिश और हवाओं का दौर शुरू हुआ, जो करीब 17 घंटे तक किसानों की परेशानी बढ़ाता रहा। मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए किसान कल शाम से ही अपनी धान की फसल बचाने में जुट गए थे। किसी ने खेतों में काटकर रखी धान की फसल को समेटने की कोशिश की, तो कोई धान की बोरियां उठाकर सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने में लगा रहा।

कई किसान तिरपाल और प्लास्टिक से अपनी उपज को ढककर बारिश से बचाने की जुगत करते रहे। किसानों ने रातभर हर संभव प्रयास किया कि उनकी सालभर की मेहनत बारिश की भेंट न चढ़ जाए। लेकिन लगातार बारिश और हवाओं ने उनकी मुश्किलें बढ़ा दीं। कई जगह किसान अपनी पूरी फसल सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंचा पाए। खेतों और खलिहानों में रखी कटी हुई धान की फसल को बचाना अब बड़ी चुनौती बन गया है।

आज भी खेतों में भीग रहा धान, बारिश के बीच कटाई करने को मजबूर किसान_

मौसम की मार का असर आज भी खेतों में दिखाई दे रहा है। कहीं किसान खेतों में काटकर रखी धान की फसल को तिरपाल से ढककर बचाने की कोशिश कर रहे हैं, तो कहीं अब भी धान की कटाई का काम जारी है। बारिश के बीच किसान खेतों में उतरकर अपनी पकी हुई फसल काटने को मजबूर हैं। उनके सामने दोहरी परेशानी है। एक तरफ खेतों में खड़ी फसल को जल्द काटकर सुरक्षित करना है, तो दूसरी तरफ पहले से काटकर रखे धान को बारिश से बचाना है।

किसानों के लिए यह समय सबसे महत्वपूर्ण है, क्योंकि धान की कटाई और मिंजाई का सीजन चल रहा है। ऐसे में मौसम की बेरुखी ने उनकी चिंता कई गुना बढ़ा दी है। खेतों में पड़ी फसल के भीगने से उपज की गुणवत्ता और नुकसान की आशंका भी किसानों को सता रही है।

चार ब्लॉकों के किसानों की बढ़ी चिंता_

गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर, छुरा, मैनपुर और देवभोग क्षेत्र में बारिश और हवाओं के चलते खेती-किसानी प्रभावित होने की चिंता बढ़ गई है। वहीं उड़ीसा क्षेत्र के किसान भी चक्रवात की आशंका के बीच जल्द से जल्द धान की कटाई और मिंजाई कर अपनी उपज सुरक्षित करने में जुटे हैं।

बार-बार मौसम की मार झेल रहे किसानों के सामने अब सबसे बड़ा सवाल अपनी सालभर की मेहनत को बचाने का है। कल शाम से शुरू हुई किसानों की जद्दोजहद आज भी खत्म नहीं हुई है। कोई खेत में धान समेट रहा है, कोई खलिहान में रखी फसल ढक रहा है, तो कोई बारिश के बीच कटाई कर रहा है। मौसम की इस मार ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। अब किसानों को बारिश थमने और मौसम साफ होने का इंतजार है।

Previous Post Next Post