Top News

धान तस्करों का खौफनाक खेल! अब अफसरों की ही होने लगी रेकी, रात 10 बजे के बाद कौन रख रहा SDM-तहसीलदार की गाड़ियों पर नजर?

ओडिशा से अवैध धान की आवक रोकने निकले अधिकारियों के पीछे लगे संदिग्ध! SDM टीआर माहेश्वरी ने देवभोग थाना प्रभारी को लिखा पत्र, रेकी करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश

Ai जनरेट फोटो 

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

देवभोग_ ओडिशा से छत्तीसगढ़ में अवैध धान खपाने का खेल रोकने प्रशासन मैदान में उतरा है, लेकिन अब इस कार्रवाई के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। धान तस्करी पर शिकंजा कसने निकले प्रशासनिक अधिकारियों की ही कथित तौर पर रेकी की जा रही है। आखिर कौन हैं वे लोग, जो रात के अंधेरे में अधिकारियों की गाड़ियों पर नजर रख रहे हैं? क्या तस्करों तक अधिकारियों की लोकेशन पहुंचाई जा रही है? इन सवालों ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।

मामले को गंभीरता से लेते हुए देवभोग के अनुविभागीय दंडाधिकारी टीआर माहेश्वरी ने 23 नवंबर को देवभोग थाना प्रभारी को आधिकारिक पत्र लिखा है। इसमें एसडीएम, तहसीलदार एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों की रेकी करने वाले अज्ञात संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई है।

रात 10 बजे के बाद सक्रिय होते हैं संदिग्ध!_

एसडीएम कार्यालय से जारी ज्ञापन में बताया गया है कि देवभोग अनुभाग की अधिकांश सीमा ओडिशा राज्य से लगी हुई है। छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027 तक धान खरीदी हो रही है। इस दौरान ओडिशा से अवैध रूप से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाए जाने की आशंका रहती है। इसी को रोकने प्रशासनिक अधिकारी दिन और रात लगातार भ्रमण कर रहे हैं।

पत्र में उल्लेख है कि गश्त के दौरान कुछ अज्ञात लोगों द्वारा अधिकारियों के वाहनों की रेकी की जाती है। आशंका जताई गई है कि इन संदिग्धों का संबंध धान तस्करों से हो सकता है। यदि ऐसा है तो अधिकारियों की लोकेशन और कार्रवाई की जानकारी तस्करों तक पहुंचने का खतरा भी है।

अफसरों की लोकेशन कौन कर रहा लीक?_

धान तस्करी रोकने के लिए प्रशासन की रात-दिन की निगरानी के बीच अधिकारियों की रेकी का मामला सामने आना कई सवाल खड़े कर रहा है। आखिर अधिकारियों के निकलते ही संदिग्धों को उनकी भनक कैसे लगती है? कौन है जो उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है? क्या धान तस्करों का कोई संगठित नेटवर्क प्रशासनिक कार्रवाई की निगरानी कर रहा है? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने आना बाकी है।

अब देवभोग पुलिस के सामने चुनौती_

एसडीएम टीआर माहेश्वरी ने थाना प्रभारी को पत्र लिखकर रेकी करने वाले अज्ञात संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान कर उनके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। अब देखना होगा कि देवभोग पुलिस इस पूरे मामले में क्या कार्रवाई करती है और अधिकारियों की गतिविधियों पर नजर रखने वाले संदिग्धों की पहचान कब तक हो पाती है।

धान खरीदी के इस सीजन में ओडिशा सीमा से अवैध धान की आवक रोकने के बीच सामने आया यह मामला प्रशासन की निगरानी व्यवस्था के लिए भी बड़ी चुनौती बन गया है।

Previous Post Next Post