Top News

रात के अंधेरे में मौत बनकर आए दो भालू! ग्रामीण पर किया खूंखार हमला: सिर और जांघ को बुरी तरह नोचा, देवभोग अस्पताल में चल रहा उपचार।

केंदूपाटी बस्ती से करीब एक किलोमीटर दूर RF-1235 के डुमर नाला के पास हुई घटना, रेंजर सुशील कुमार सागर ने स्टाफ के साथ पहुंचकर घायल को देवभोग अस्पताल में कराया भर्ती....

Ai जनरेट फोटो 

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्यप्राणियों का हमला थमने का नाम नहीं ले रहा है। धुरवागुड़ी रेंज के केंदूपाटी गांव में गुरुवार रात करीब 8 बजे दो भालुओं ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हमले में 32 वर्षीय योगेंद्र ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए। भालुओं ने उनके सिर और जांघ पर हमला कर चोट पहुंचाई। घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, घायल ग्रामीण की पहचान योगेंद्र ध्रुव पिता जगन्नाथ ध्रुव, निवासी केंदूपाटी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 8 बजे योगेंद्र ध्रुव शौच के लिए घर से निकले थे। वे केंदूपाटी बस्ती से लगभग एक किलोमीटर दूर खेत से लगे जंगल के अंदर RF-1235 स्थित डुमर नाला के पास गए हुए थे। इसी दौरान अचानक दो भालुओं ने उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से ग्रामीण को संभलने का मौका तक नहीं मिला। भालुओं के हमले में उनके सिर और जांघ में गंभीर चोटें आईं।

108 को किया गया कॉल, नहीं पहुंची एंबुलेंस_

घटना की जानकारी ग्रामीणों के माध्यम से धुरवागुड़ी रेंज के रेंजर सुशील कुमार सागर को दूरभाष पर दी गई। बताया गया कि घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा को भी कॉल किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद रेंजर सुशील कुमार सागर अपने वन विभाग के कर्मचारियों के साथ तत्काल सक्रिय हुए और घायल योगेंद्र ध्रुव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया। यहां उनका प्राथमिक उपचार कराया गया। वन विभाग की ओर से घायल ग्रामीण को तत्काल सहायता राशि भी प्रदान की गई।

वन विभाग ने ग्रामीणों से की सतर्क रहने की अपील_

घटना के बाद केंदूपाटी और आसपास के गांवों में भालुओं की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल है। जंगल से लगे खेतों और आसपास के इलाकों में ग्रामीणों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय अकेले जंगल या खेतों की ओर न जाएं। विशेषकर शौच के लिए घर से बाहर निकलते समय सावधानी बरतें और संभव हो तो अकेले जाने से बचें। क्षेत्र में वन्यप्राणियों की गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

टाइगर रिजर्व क्षेत्र में हुई इस घटना ने एक बार फिर जंगल से लगे गांवों में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Previous Post Next Post