टाइगर रिजर्व में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान हुआ विवाद, अतिक्रमणकारियों और वन विभाग-पुलिस की टीम के बीच तीखी झड़प
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के करका जंगल में अतिक्रमण हटाने पहुंची वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम को विरोध का सामना करना पड़ा। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमणकारियों और टीम के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया। हमले में एक थाना प्रभारी (TI) सहित तीन महिला वनकर्मी घायल हो गईं।
मिली जानकारी के अनुसार, करका जंगल में वन विभाग द्वारा अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान अतिक्रमणकारियों और कार्रवाई करने पहुंची टीम के बीच तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और टीम पर हमला कर दिया गया। घटना में एक टीआई और तीन महिला वनकर्मियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। वहीं, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अतिक्रमणकारियों को गिरफ्तार किया है।
टाइगर रिजर्व के करका जंगल में वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान जारी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति की जानकारी सामने आई है। मामले में पुलिस एवं वन विभाग की आगे की कार्रवाई जारी है।

