Top News

थीपाखोल वॉटरफॉल में बड़ा हादसा: अमलीपदर का युवक गहरे पानी में डूबा, बसंत ध्रुव बताए जा रहे लापता

AI जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_ओडिशा के सिनापाली क्षेत्र स्थित थीपाखोल वॉटरफॉल में रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। अमलीपदर से वॉटरफॉल घूमने और नहाने पहुंचे 8 युवकों में से एक युवक गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गया। लापता युवक की पहचान बसंत ध्रुव के रूप में बताई जा रही है, हालांकि नाम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

नहाने गए थे 8 युवक, 7 सुरक्षित बाहर निकले

मिली जानकारी के अनुसार अमलीपदर क्षेत्र से कुल 8 युवक थीपाखोल वॉटरफॉल पहुंचे थे। जिसमें से 5 लोग नहा कर बाहर निकल चुके थे ओर अन्य 3 युवक झरने में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक बारिश होने से पानी का स्तर बढ़ गया। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 3 बजे तक पानी का स्तर कम था, लेकिन बाद में अचानक बारिश के कारण जलस्तर बढ़ गया।

इसी दौरान एक युवक वॉटरफॉल से फिसलकर गहरे पानी में चला गया। इसके बाद वह पानी के नीचे दिखाई नहीं दिया। आशंका है कि पानी के नीचे मिट्टी में दब जाने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका।

साथियों ने दी घटना की जानकारी

उनके साथ रहे 7 लोगों ने बाहर निकलर सूचना पुलिस को दी हादसे के बाद 7 युवक सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि एक युवक की तलाश शुरू की गई।

शाम 5 से 7 बजे तक चला रेस्क्यू

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची। शाम करीब 5 बजे से 7 बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण युवक का पता नहीं चल सका।

थीपाखोल क्षेत्र चारों ओर से घने जंगल से घिरा हुआ है। रात के समय जंगली जानवरों का खतरा होने के कारण अंधेरा बढ़ने के बाद रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

सुबह 6 बजे फिर शुरू होगा तलाश अभियान

बताया गया है कि सुबह करीब 6 बजे से पुलिस और फायर टीम द्वारा दोबारा रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाएगा। पानी के भीतर तलाश कर युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया जाएगा। मौके पर सिनापाली तहसीलदार भी उपस्थित रहे और रेस्क्यू अभियान की स्थिति की जानकारी लेते रहे।

घटना के बाद अमलीपदर क्षेत्र में चिंता का माहौल है। परिजन और परिचित युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं। प्रशासन की टीम सुबह दोबारा व्यापक स्तर पर रेस्क्यू अभियान चलाएगी।

Previous Post Next Post