गरियाबंद_ओडिशा के सीनापाली क्षेत्र स्थित थीपाखोल वॉटरफॉल में डूबे अमलीपदर के युवक बसंत ध्रुव का शव करीब 18 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। ओडिशा के स्थानीय गोताखोरों की मदद से सोमवार को रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को पानी से बाहर निकाला गया।
साथियों के साथ वॉटरफॉल घूमने गया था युवक_
जानकारी के अनुसार अमलीपदर क्षेत्र के बसंत ध्रुव अपने साथियों के साथ रविवार को थीपाखोल वॉटरफॉल घूमने और नहाने गया था। बताया जा रहा है कि समूह में कुल आठ लोग थे। नहाने के दौरान अचानक पानी का स्तर बढ़ने से बसंत ध्रुव पानी की गहराई में चला गया और इसके बाद दिखाई नहीं दिया।
अचानक बढ़ा था पानी का स्तर_
बताया गया कि दोपहर करीब 3 बजे तक वॉटरफॉल क्षेत्र में पानी का स्तर अपेक्षाकृत कम था। इसी दौरान अचानक बारिश होने से पानी का बहाव और जलस्तर बढ़ गया। युवक अपने साथियों के साथ नहा रहा था, तभी वह फिसलकर गहरे पानी में चला गया।
घटना के बाद उसके साथ मौजूद सात युवक बाहर निकल आए, लेकिन बसंत ध्रुव का पता नहीं चल सका। आशंका जताई गई थी कि वह पानी के नीचे मिट्टी में दब गया होगा।
रात में रोका गया था रेस्क्यू_
घटना की सूचना के बाद पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची थी। रविवार शाम करीब 5 बजे से 7 बजे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। क्षेत्र घने जंगल से घिरा होने और रात में जंगली जानवरों के खतरे को देखते हुए रेस्क्यू सोमवार सुबह फिर शुरू किया गया।
गोताखोरों की मदद से निकाला गया शव_
सोमवार सुबह ओडिशा के गोताखोरों की मदद से दोबारा तलाश अभियान चलाया गया। करीब 18 घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव पानी से बरामद कर लिया गया।
मृतक युवक की पहचान बसंत ध्रुव के रूप में बताई जा रही है। शव बरामद होने के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है। घटना से अमलीपदर क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। मौके पर पुलिस एवं प्रशासन की टीम मौजूद रही और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की गई।


