Tricker

IMG-20260708-WA0068

टूटे पुल पर बड़ा हादसा: बाइक सवार नीचे गिरा, डायल 112 की तत्परता से बची युवक की जान

छुरा-कोसमबुड़ा मार्ग पर पुल टूटने से हुआ हादसा, डायल 112 टीम ने तत्काल रेस्क्यू कर घायल को अस्पताल पहुंचाया

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 
गरियाबंद_ छुरा-कोसमबुड़ा मार्ग पर स्थित एक क्षतिग्रस्त पुल शनिवार को हादसे का कारण बन गया। पुल टूटने के कारण एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। समय पर सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता के साथ घायल युवक का रेस्क्यू कर उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, डायल 112 में तैनात आरक्षक यशवंत त्रिवेंद्र एवं चालक जगेश्वर निर्मलकर को सड़क दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही दोनों तत्काल घटनास्थल पहुंचे, जहां पुल टूटने के कारण बाइक चालक नीचे गिरा हुआ था। टीम ने बिना देर किए घायल को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक सहायता उपलब्ध कराते हुए अस्पताल पहुंचाया।
डायल 112 की टीम ने घायल युवक के मोबाइल फोन के माध्यम से उसके परिजनों से संपर्क कर दुर्घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। समय पर मिली मदद और युवक की जान बचने पर परिजनों ने डायल 112 की टीम तथा स्थानीय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने कहा कि गरियाबंद जिले में डायल 112 की सेवा 24 घंटे उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में आमजन तत्काल डायल 112 पर संपर्क कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं।