Tricker

IMG-20260708-WA0068

CGPSC प्रारंभिक परीक्षा 12 जुलाई को: गरियाबंद में 715 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा, मोबाइल-आभूषण पर रहेगा प्रतिबंध

दो परीक्षा केंद्र बनाए गए, समय से पहले पहुंचना होगा अनिवार्य
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) द्वारा आयोजित सूबेदार, उप निरीक्षक संवर्ग एवं प्लाटून कमांडर प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन रविवार, 12 जुलाई 2026 को किया जाएगा। परीक्षा सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होगी। जिले में परीक्षा के लिए 02 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 715 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए डिप्टी कलेक्टर सुश्री नेहा भेड़िया को नोडल अधिकारी तथा सहायक अधीक्षक विजय सिंह ध्रुव को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही जिला स्तरीय उड़नदस्ता टीम का भी गठन किया गया है।

पहचान पत्र के बिना नहीं मिलेगा प्रवेश

अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, ई-आधार, वोटर आईडी, पैन कार्ड या ड्राइविंग लाइसेंस की मूल प्रति साथ लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मोबाइल, घड़ी और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित

परीक्षा केंद्र में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, डिजिटल घड़ी, कैलकुलेटर, संचार उपकरण, पर्स, बेल्ट, स्कार्फ, टोपी, कंपास, पाउच तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अभ्यर्थी केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन के साथ ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे।

समय से पहले पहुंचे, ड्रेस कोड का रखें ध्यान

आयोग के निर्देशानुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से काफी पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा केंद्र पर सुबह 9:30 बजे तक पहुंचना अनिवार्य किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं। धार्मिक एवं सांस्कृतिक वेशभूषा पहनने वाले अभ्यर्थियों को अतिरिक्त सुरक्षा जांच के लिए पहले रिपोर्ट करना होगा।

महिला अभ्यर्थियों के लिए विशेष निर्देश

महिला अभ्यर्थियों को परीक्षा के दौरान कान में किसी भी प्रकार का आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी। वहीं फुटवियर के रूप में केवल चप्पल पहनकर आने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों का करें पालन

प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से पहले अपने प्रवेश पत्र में दिए गए सभी दिशा-निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उनका पालन करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संपन्न हो सके।