Tricker

IMG-20260708-WA0068

देशबंधु नायक का बढ़ा राजनीतिक कद भाजपा पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक नियुक्त

प्रदेश संगठन ने जारी की नियुक्ति सूची, संगठन विस्तार के बीच गरियाबंद में देशबंधु नायक को मिली बड़ी जिम्मेदारी।


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा पंचायत प्रकोष्ठ की नई जिला संयोजक एवं सहसंयोजकों की सूची जारी कर दी गई है। प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की सहमति से जारी इस सूची में गरियाबंद जिला पंचायत सभापति देशबंधु नायक को पंचायत प्रकोष्ठ का जिला संयोजक नियुक्त किया गया है। वहीं प्रकाश कश्यप को जिला सहसंयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

देशबंधु नायक को यह जिम्मेदारी ऐसे समय मिली है जब भाजपा आगामी पंचायत और संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। संगठन ने जमीनी स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देकर पंचायतों तक अपनी पकड़ मजबूत करने का संदेश दिया है।

जिला पंचायत सभापति होने के साथ-साथ अब पंचायत प्रकोष्ठ के जिला संयोजक की जिम्मेदारी मिलने से देशबंधु नायक की संगठन में भूमिका और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

जैसे ही प्रदेश संगठन की नियुक्ति सूची जारी हुई, भाजपा समर्थकों में उत्साह का माहौल बन गया। देशबंधु नायक को जिला संयोजक बनाए जाने पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। सोशल मीडिया से लेकर व्यक्तिगत मुलाकातों तक शुभकामनाओं का सिलसिला जारी है। कार्यकर्ताओं ने इसे गरियाबंद के लिए सम्मान बताते हुए संगठन के निर्णय का स्वागत किया।

भाजपा प्रदेश संगठन का मानना है कि पंचायत स्तर पर संगठन को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाने में नई टीम अहम भूमिका निभाएगी। गरियाबंद जिले में भी पंचायतों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और संगठन की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।