Top News

पैरीघूम्मर में स्वच्छता का संदेश, नशाखोरों पर पुलिस की सख्ती

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पैरीघूम्मर में स्वच्छता और सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने श्रमदान कर जलाशय परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की, वहीं पुलिस प्रशासन ने नशाखोरी और हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अभियान के दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर परिसर में फैले प्लास्टिक, कचरे और अन्य अपशिष्ट पदार्थों को हटाया। श्रमदान के इस प्रयास से पर्यटन स्थल की सुंदरता और स्वच्छता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। प्रशासन ने ग्रामीणों की जागरूकता और सहयोग की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

दूसरी ओर, पर्यटन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा विशेष निगरानी अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस टीम लगातार चेकिंग कर रही है और नशे का सेवन करने, नशीले पदार्थों का परिवहन करने तथा सार्वजनिक स्थानों पर अशांति फैलाने वाले तत्वों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पैरीघूम्मर जैसे पर्यटन स्थलों की गरिमा और शांति भंग करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पर्यटकों से अपील की गई है कि वे प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते हुए साफ-सफाई बनाए रखें, कचरा निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें और पर्यटन स्थल को स्वच्छ रखने में सहयोग करें।
Previous Post Next Post