Top News

सुरक्षित बचपन अभियान: गरियाबंद के 25 स्कूलों के 50 शिक्षकों को मिला बाल संरक्षण कानून का प्रशिक्षण

शिक्षक अब स्कूलों में बच्चों को करेंगे जागरूक, ‘से नो, मूव अवे, टेल समवन’ के जरिए बताएंगे सुरक्षा के तरीके

सुरक्षित बचपन अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित 

गजानंद कश्यप/
गरियाबंद_ बच्चों को लैंगिक अपराधों से सुरक्षित रखने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गरियाबंद में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। न्यू सर्किट हाउस के सभाकक्ष में आयोजित इस कार्यशाला में जिले के 25 विद्यालयों के 50 शिक्षकों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (POCSO Act), 2012 की विस्तृत जानकारी एवं प्रशिक्षण दिया गया।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आयोजित यह कार्यशाला अखिल भारतीय विद्यालय जागरूकता अभियान ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण का हिस्सा थी। इसका उद्देश्य शिक्षकों के माध्यम से स्कूलों में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण कानूनों और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है, ताकि बच्चे सुरक्षित वातावरण में शिक्षा प्राप्त कर सकें।

‘से नो, मूव अवे, टेल समवन’ से समझाए सुरक्षा के तरीके

प्रशिक्षण के दौरान प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। शिक्षकों को बताया गया कि किसी भी अनुचित व्यवहार या असहज स्थिति में बच्चे ‘से नो’ यानी स्पष्ट रूप से मना करें, ‘मूव अवे’ यानी वहां से दूर हटें और ‘टेल समवन’ यानी किसी विश्वसनीय व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। इसके अलावा चाइल्ड हेल्पलाइन सहित अन्य आवश्यक हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई।

न्यायिक अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ रहे मौजूद

कार्यशाला में प्रशिक्षक के रूप में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष तालुका विधिक सेवा समिति गरियाबंद श्री बी.आर. साहू, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री सीमा कुमार, उप पुलिस अधीक्षक सुश्री लीतेश सिंह, महिला एवं बाल विकास अधिकारी श्री अनिल द्विवेदी, पैनल अधिवक्ता श्री होमेश्वर सिंह यदु एवं श्री हेमराज दाऊ तथा सीडब्ल्यूसी गरियाबंद के सपोर्ट पर्सन श्री नंदकुमार नायक उपस्थित रहे।

सभी प्रशिक्षकों ने शिक्षकों को POCSO अधिनियम के महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों, बाल सुरक्षा और बच्चों के अधिकारों से संबंधित जानकारियां दीं। अब प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक करेंगे, जिससे बच्चों को सुरक्षित रहने और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में उचित कदम उठाने की समझ मिल सके।

Previous Post Next Post