211 बटालियन की पहल से युवाओं को मिला शारीरिक दक्षता, प्रतियोगी परीक्षा और व्यक्तित्व विकास का प्रशिक्षण
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं को रोजगार और बेहतर भविष्य से जोड़ने के उद्देश्य से केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 211वीं बटालियन ने सराहनीय पहल की है। बटालियन द्वारा आयोजित निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का मंगलवार 24 नवंबर को जुगाड़ कैंप में समापन हुआ। करीब दो माह तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में क्षेत्र के दसवीं और बारहवीं उत्तीर्ण युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी सेवाओं में चयन की तैयारी कराई गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ 25 सितंबर 2026 को किया गया था। प्रशिक्षण का समापन रायपुर रेंज के पुलिस उपमहानिरीक्षक उदय भास्कर बिल्ला (IPS) के मुख्य आतिथ्य में बी/211 बटालियन CRPF कैंप जुगाड़, गरियाबंद में हुआ। इस दौरान 211 बटालियन के कमांडेंट हरिओम खरे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को शारीरिक दक्षता बढ़ाने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, करियर मार्गदर्शन और व्यक्तित्व विकास से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इसका उद्देश्य ग्रामीण एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को सुरक्षा बलों सहित विभिन्न सरकारी सेवाओं में रोजगार के लिए सक्षम बनाना और उनमें आत्मविश्वास विकसित करना रहा।
खास बात यह रही कि 211 बटालियन के अधिकारियों और जवानों ने अपनी सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक दायित्व निभाते हुए युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण दिया। जवानों ने अपने अनुभव और कौशल के जरिए युवाओं को अनुशासन, परिश्रम, शारीरिक दक्षता और लक्ष्य के प्रति समर्पण का महत्व समझाया।
समापन अवसर पर डीआईजी उदय भास्कर बिल्ला (IPS), कमांडेंट हरिओम खरे, द्वितीय कमान अधिकारी प्रज्ञेश कुमार अटल एवं बी/211 बटालियन के कमान अधिकारी चिरंजीव कुमार उपस्थित रहे।
CRPF की यह पहल नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय युवाओं को शिक्षा, रोजगार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। बटालियन का यह प्रयास संदेश देता है कि सुरक्षा बल केवल देश की आंतरिक सुरक्षा ही नहीं, बल्कि समाज के उत्थान और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
सुरक्षा के साथ सेवा, विश्वास के साथ विकास।



