Top News

छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सलियों के डंप ठिकाने का खुलासा, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद

 7 प्रेशर कुकर IED, वायर समेत विस्फोटक बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री मिली, DVF जवानों की सर्चिंग में मिली बड़ी सफलता


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा से लगे जंगलों में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बोडेन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटधरा-गरजनपानी जंगल में सर्चिंग अभियान के दौरान डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स (DVF) के जवानों ने नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डंप से विस्फोटक सामग्री बरामद की है।

मिली जानकारी के अनुसार, जंगल में सर्चिंग के दौरान जवानों को संदिग्ध माओवादी डंप का पता चला। तलाशी लेने पर मौके से 7 प्रेशर कुकर IED, वायर सहित अन्य संदिग्ध विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।

खुफिया सूचना पर चलाया गया सर्चिंग अभियान

पुलिस अधीक्षक नुआपाड़ा के निर्देश पर 14 नवंबर 2026 को DVF नुआपाड़ा की टीम ने बोडेन थाना क्षेत्र के पाटधरा-गरजनपानी जंगल में नक्सलियों के संदिग्ध डंप की सूचना के आधार पर एरिया डॉमिनेशन और डिमाइनिंग ऑपरेशन चलाया। इस दौरान जवानों ने जंगल के भीतर सघन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें संदिग्ध माओवादी सामग्री बरामद हुई।

नक्सलियों की साजिश पर सुरक्षा बलों ने फेरा पानी_

पुलिस के मुताबिक, बरामद विस्फोटक सामग्री संदिग्ध माओवादियों के डंप का हिस्सा थी। आशंका जताई जा रही है कि इस सामग्री का इस्तेमाल सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता था। हालांकि, सामग्री के उपयोग और इसके पीछे की मंशा को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक जानकारी के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट होगी।

DGN डिवीजन में माओवादी गतिविधियों को लगा बड़ा झटका_

नुआपाड़ा पुलिस ने प्रेस नोट में यह भी उल्लेख किया है कि DGN डिवीजन (धमतरी-गरियाबंद-नुआपाड़ा) के सभी माओवादी कैडर पूर्व में चलाए गए अभियानों के दौरान या तो आत्मसमर्पण कर चुके हैं या निष्क्रिय किए जा चुके हैं। इसे क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों के उन्मूलन की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया है।

सीमा क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी_

छत्तीसगढ़ और ओडिशा की सीमा से लगे जंगल लंबे समय से नक्सल गतिविधियों के लिहाज से संवेदनशील रहे हैं। ऐसे में सुरक्षा बलों द्वारा लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। DVF जवानों की इस कार्रवाई को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।फिलहाल बरामद सामग्री को लेकर पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।

Previous Post Next Post