पहले दिन कलेक्टर रणबीर शर्मा ने गरियाबंद और बारुला उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों का फूलमाला पहनाकर किया स्वागत
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत गरियाबंद जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवंबर से उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। खरीदी के पहले दिन कलेक्टर रणबीर शर्मा स्वयं उपार्जन केंद्रों में पहुंचे और किसानों के बीच पहुंचकर खरीदी व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों का पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया और उन्हें धान विक्रय की शुभकामनाएं दीं। पहले दिन गरियाबंद केंद्र में किसान लिलेश निषाद ने 9 क्विंटल तथा बारुला केंद्र में किसान गीता बाई ने 16 क्विंटल धान का विक्रय किया।
गरियाबंद केंद्र में लिलेश निषाद के धान की हुई पहली तौल_
धान खरीदी के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर रणबीर शर्मा सबसे पहले गरियाबंद धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिक अनिल चंद्राकर की मौजूदगी में किसान लिलेश निषाद के धान की तौल कराकर खरीदी प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ किया गया। किसान निषाद ने पहले दिन 9 क्विंटल धान बेचा। इस दौरान कलेक्टर ने किसान का फूलमाला पहनाकर स्वागत किया और केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने टोकन व्यवस्था, धान तौल, बारदाना, पेयजल और किसानों के बैठने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित हो तथा किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
बारुला केंद्र में गीता बाई ने बेचा 16 क्विंटल धान_
इसके बाद कलेक्टर बारुला धान उपार्जन केंद्र पहुंचे। यहां जनपद पंचायत अध्यक्ष सोहन ध्रुव, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और सरपंच सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में उन्होंने खरीदी व्यवस्था का निरीक्षण किया। बारुला केंद्र में किसान श्रीमती गीता बाई ने 16 क्विंटल धान का विक्रय किया। कलेक्टर एवं जनप्रतिनिधियों ने उनका पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया।कलेक्टर ने समिति कर्मचारियों को शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदी करने तथा किसानों की समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए।
जिले के 97 केंद्रों में 91 हजार से अधिक किसानों का पंजीयन_
जिले में इस खरीफ विपणन वर्ष के लिए कुल 97 धान उपार्जन केंद्रों में 91,644 किसानों का पंजीयन किया गया है। पंजीकृत किसानों का कुल धान रकबा 1,07,782 हेक्टेयर है। इस वर्ष जिले में सात नए धान उपार्जन केंद्र भी शुरू किए गए हैं। खरीदी के पहले दिन जिले के 95 उपार्जन केंद्रों के लिए कुल 239 टोकन जारी किए गए हैं। इन टोकन के माध्यम से 794.42 मीट्रिक टन धान खरीदी प्रस्तावित है।
21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता खत्म, कम पैदावार वाले किसानों को भी मिलेगा पूरा लाभ_
किसानों के लिए इस वर्ष शासन की ओर से एक महत्वपूर्ण राहत दी गई है। अब प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान बेचने की अनिवार्यता नहीं रहेगी। यदि किसी किसान की पैदावार कम है और वह 14 या 15 क्विंटल धान ही बेचता है, तब भी उसे 21 क्विंटल के मानक के आधार पर 659 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि का लाभ मिलेगा।
इस तरह किसानों को धान का कुल लाभकारी मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से मिलेगा। इस फैसले से कम पैदावार वाले किसानों को भी आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही किसानों को पूरा लाभ लेने के लिए अपनी घरेलू जरूरतों का धान बेचने की मजबूरी नहीं रहेगी।
किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता : कलेक्टर_
कलेक्टर रणबीर शर्मा ने कहा कि धान खरीदी किसानों की मेहनत और आर्थिक समृद्धि से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसलिए सभी अधिकारी और कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध रहें और टोकन के अनुसार व्यवस्थित तरीके से खरीदी की जाए। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया पर लगातार निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन एवं प्रक्रिया के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें।


