धान के अवैध परिवहन और खरीदी में अनियमितता पर सख्ती, अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाने के निर्देश
गजानंद कश्यप/गरियाबंद_कलेक्टर रणबीर शर्मा ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों की शिकायतों के निराकरण में गंभीरता बरती जाए। वहीं धान खरीदी सीजन को देखते हुए अवैध परिवहन और खरीदी में अनियमितता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है।
साप्ताहिक बैठक में योजनाओं की समीक्षा_
बुधवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित अधिकारियों की साप्ताहिक बैठक में कलेक्टर रणबीर शर्मा ने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अवैध धान परिवहन और शराब बिक्री पर रहेगी नजर_
धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अवैध धान परिवहन एवं खरीदी से जुड़े अनियमितता के मामलों में सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही जिले में अवैध शराब की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने और नियमित निगरानी रखने को कहा।
जनगणना की तैयारियों और प्रशिक्षण पर जोर_
आगामी जनगणना की तैयारियों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने प्रशिक्षण कार्यक्रम को बेहतर और व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सभी आवश्यक जानकारियां स्पष्ट रूप से दी जाएं, ताकि कार्य का समयबद्ध और बेहतर ढंग से संपादन हो सके।
फसल क्षति, राशन वितरण की भी समीक्षा_
बैठक में कलेक्टर ने फसल क्षति से संबंधित प्रकरण तैयार कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके अलावा धान खरीदी की तैयारियों, राशन वितरण और राशन की वसूली से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा की।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, ऋषा ठाकुर सहित जिले के सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

