तीन से चार घंटे तक विद्यालयवार हो रही समीक्षा, कमजोर विद्यार्थियों के लिए बनेगी सुधार की कार्ययोजना: कलेक्टर और CEO के निर्देश पर शिक्षा विभाग की सख्त निगरानी
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_जिले में दसवीं और बारहवीं की तिमाही परीक्षा के कमजोर परिणाम ने शिक्षा विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अब खराब परीक्षा परिणाम वाले विद्यालयों के प्राचार्यों और संबंधित विषय शिक्षकों की जवाबदेही तय करने की तैयारी है। जिन स्कूलों में शैक्षणिक व्यवस्था और परीक्षा परिणाम बेहद कमजोर पाए जाएंगे, वहां प्राचार्य सहित संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है। इसे लेकर शिक्षा विभाग ने समीक्षा और निगरानी का दायरा बढ़ा दिया है।
जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर एवं नोडल अधिकारी श्याम चंद्राकर के नेतृत्व में विनोबा टीम के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की जा रही है। इसमें हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों के गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय के व्याख्याताओं को शामिल कर विकासखंड स्तर पर विद्यालयवार परीक्षा परिणामों की गहन समीक्षा की जा रही है। प्रत्येक विद्यालय के परिणामों का विश्लेषण कर कमजोर प्रदर्शन के कारणों की पहचान की जा रही है। साथ ही विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धि में सुधार लाने के लिए उपचारात्मक शिक्षण की योजना तैयार करने और उसके प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा हो रही है।
कमजोर विद्यार्थियों पर रहेगा विशेष फोकस_
समीक्षा बैठक में विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, नियमित एवं प्रभावी अध्यापन और सतत मूल्यांकन पर जोर दिया जा रहा है। विशेष रूप से कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उन पर अतिरिक्त ध्यान देने के निर्देश दिए जा रहे हैं। कठिन विषयों को सरल तरीके से समझाने, कक्षा में प्रश्नोत्तर और संवाद के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने तथा उनकी सीखने की क्षमता के अनुरूप अध्यापन कराने पर जोर है।
प्राचार्यों को भी कक्षाओं में करनी होगी निगरानी_
विभागीय समीक्षा में प्राचार्यों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण माना गया है। उन्हें स्वयं कक्षाओं में जाकर अध्यापन व्यवस्था का निरीक्षण करने, नियमित निगरानी रखने और विद्यार्थियों के समूह आधारित अध्ययन को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। शिक्षकों को पूरी तैयारी के साथ कक्षा में पहुंचने और प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
शिक्षकों की कमी वाले स्कूलों में वैकल्पिक व्यवस्था_
जिन विद्यालयों में विषय विशेषज्ञ व्याख्याताओं की कमी है, वहां उपलब्ध स्नातक शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता और विषय विशेषज्ञता के आधार पर अध्यापन की वैकल्पिक व्यवस्था करने पर भी चर्चा की जा रही है। विभाग का उद्देश्य केवल परीक्षा परिणामों की समीक्षा करना नहीं, बल्कि विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता सुधारकर विद्यार्थियों का शैक्षणिक स्तर बेहतर बनाना है।
तीन से चार घंटे तक चल रही विद्यालयवार समीक्षा_
कलेक्टर एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मिशन समन्वयक, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड स्रोत समन्वयक, संकुल प्राचार्य एवं संकुल शैक्षिक समन्वयकों द्वारा स्कूलों की सघन निगरानी की जा रही है। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, कक्षाओं में अध्यापन का स्तर तथा विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का बारीकी से आकलन किया जा रहा है।
विद्यालयवार तीन से चार घंटे तक चल रही समीक्षा बैठक में परीक्षा परिणाम सुधारने के लिए जिम्मेदारियां तय करने और ठोस कार्ययोजना बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिक्षा विभाग के इस सख्त रुख से स्पष्ट है कि अब स्कूलों के परीक्षा परिणाम के साथ-साथ प्राचार्यों की सक्रियता और शिक्षकों के अध्यापन कार्य का भी आकलन होगा। आगामी परीक्षाओं के परिणाम बताएंगे कि इस कवायद का कितना असर हुआ और किन विद्यालयों में जिम्मेदारों पर कार्रवाई की नौबत आती है।


