Top News

गरियाबंद में पैरी नदी में कूदे दो युवक: शराब के नशे में नदी में लगाई छलांग, 112 टीम ने कूदकर बचाई जान


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_पैरी नदी में दो युवकों के छलांग लगाने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। घटना करीब दोपहर 12 बजे गरियाबंद से मालगांव की तरफ जाने वाले मार्ग पर हुई। नदी में छलांग लगाने के बाद दोनों युवक गहरे पानी में बहने लगे।

घटना की जानकारी मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। युवकों को गहरे पानी में बहता देखकर 112 की टीम ने बिना देर किए खुद नदी में छलांग लगा दी और दोनों युवकों को पानी से बाहर निकालकर सुरक्षित नदी किनारे पहुंचाया।

इस दौरान आरक्षक 515 कृष्ण कुमार राय, चालक रामानंद निषाद और भोला निषाद ने गहरे पानी में जाकर युवकों को बाहर निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।

प्रत्यक्षदर्शी दुर्केश कुमार निषाद ने बताया कि दोनों युवक शराब के नशे में नदी में कूद गए थे। पानी गहरा होने के कारण वे बहने लगे थे। इसी दौरान 112 की टीम मौके पर पहुंची और अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में कूदकर दोनों युवकों को बाहर निकाल लिया।

दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद थाना सिटी कोतवाली गरियाबंद लाया गया और प्रधान आरक्षक राजकुमार साहू के सुपुर्द किया गया।

112 टीम की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

पैरी नदी में पानी की गहराई और बहाव के बीच दोनों युवकों के बहने की स्थिति गंभीर थी। लेकिन 112 की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नदी में कूदकर दोनों को बाहर निकाल लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।मामला सिटी कोतवाली गरियाबंद थाना क्षेत्र का है।

Previous Post Next Post