Top News

गजपल्ला वॉटरफॉल में फिर हादसा, 17 वर्षीय युवक की डूबने से मौत; कुछ घंटे पहले ही स्टंटबाजी को लेकर दिखाई थी खबर


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर बारुका से अंदर जंगल की ओर स्थित गजपल्ला वॉटरफॉल में एक बार फिर हादसा सामने आया है। वॉटरफॉल में नहाने के दौरान 17 वर्षीय युवक के डूबने से मौत हो गई। खास बात यह है कि कुछ घंटे पहले ही छत्तीसगढ़ न्यूज पोर्टल ने गजपल्ला वॉटरफॉल में पर्यटकों की स्टंटबाजी का वीडियो प्रमुखता से दिखाते हुए सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी। इसके कुछ ही घंटे बाद यहां अनहोनी हो गई।

रायपुर से करीब 8 लोग पहुंचे थे घूमने

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान आदित्य चौधरी, पिता राजीव चौधरी, उम्र 17 वर्ष, निवासी गो गांव, गोकुल टाबर सोसाइटी, गोडियारी, रायपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आदित्य अपने करीब 8 साथियों के साथ रायपुर से गजपल्ला वॉटरफॉल घूमने पहुंचा था।

सभी लोग पिकनिक मनाने के लिए यहां आए थे। इसी दौरान आदित्य नहाने के लिए पानी में उतरा और गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते वह पानी में डूब गया, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

पांडुका पुलिस और SDRF ने संभाला मोर्चा

घटना की जानकारी मिलते ही पांडुका थाना पुलिस स्टाफ मौके पर पहुंचा। इसके बाद SDRF की टीम भी घटनास्थल के पास पहुंची और युवक की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।

SDRF की टीम ने काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू कर युवक के शव को पानी से सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। शव बरामद होने के बाद पुलिस द्वारा आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

कुछ घंटे पहले ही स्टंटबाजी का वीडियो किया था प्रमुखता से प्रसारित

गजपल्ला वॉटरफॉल में पर्यटकों द्वारा ऊंची चट्टानों और पानी के बीच किए जा रहे खतरनाक स्टंट का वीडियो कुछ घंटे पहले ही सामने आया था। छत्तीसगढ़ न्यूज पोर्टल ने इस खबर को प्रमुखता से प्रसारित करते हुए पर्यटकों की लापरवाही और सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे।

खबर में यह चिंता जताई गई थी कि रोमांच के नाम पर की जा रही लापरवाही कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। लेकिन खबर प्रसारित होने के कुछ ही घंटे बाद गजपल्ला में 17 वर्षीय युवक के डूबने की घटना सामने आ गई।

पहले भी हो चुकी है मौत

गौरतलब है कि जुलाई 2025 में भी गजपल्ला वॉटरफॉल में रायपुर की युवती महविश खान की डूबने से मौत हो चुकी है। युवती अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंची थी। घटना के बाद करीब 24 घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया था, जिसके बाद उसका शव बरामद किया गया था।

इसके बावजूद गजपल्ला वॉटरफॉल में पर्यटकों की लापरवाही और खतरनाक स्टंट का सिलसिला चिंता बढ़ा रहा है।

खूबसूरती के बीच खतरे से खेल रहे सैलानी

बारिश के मौसम में गजपल्ला वॉटरफॉल का नजारा बेहद आकर्षक हो जाता है। बड़ी संख्या में सैलानी यहां पहुंचते हैं, लेकिन पानी का तेज बहाव, गहराई और फिसलन भरी चट्टानें इसे बेहद जोखिम भरा बना देती हैं।

ऐसे में नहाने के दौरान सावधानी नहीं बरतना या ऊंची चट्टानों पर स्टंट करना जानलेवा साबित हो सकता है।

अब सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल

लगातार सामने आ रहे हादसों और स्टंटबाजी के वीडियो के बाद अब गजपल्ला वॉटरफॉल में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, निगरानी और प्रतिबंधित क्षेत्रों में आवाजाही रोकने की व्यवस्था जरूरी है। वहीं पर्यटकों को भी प्रशासन की हिदायतों का पालन करते हुए गहरे पानी और खतरनाक चट्टानों से दूर रहना चाहिए।

जिस खतरे को लेकर कुछ घंटे पहले ही खबर के जरिए आगाह किया गया था, उसी गजपल्ला वॉटरफॉल में अब 17 वर्षीय युवक की जान चली गई। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि कुछ पल का रोमांच जिंदगी भर का दर्द बन सकता है।

Previous Post Next Post