गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 
AI जनरेट फोटो
गरियाबंद_अपने मोहल्ले के दो युवकों के बीच चल रहे विवाद को शांत कराना एक युवक को भारी पड़ गया। शराब दुकान के पास हुए विवाद के बाद दोनों युवकों को समझाकर बाइक से घर छोड़ने पहुंचे दिनेश देवबंशी पर ही चाकू से ताबड़तोड़ हमला करने का आरोप है।
शराब दुकान के पास हुआ था विवाद
जानकारी के मुताबिक, शराब दुकान के पास दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। विवाद बढ़ता देख दिनेश देवबंशी ने दोनों युवकों को समझाया और बाइक से उन्हें घर छोड़ने पहुंचा।
दोबारा साथ चलने से मना किया तो बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि वार्ड नंबर 8 स्थित डाकबंगला मोहल्ले में पहुंचने के बाद दिनेश ने दोबारा साथ चलने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद फिर बढ़ गया और दोनों युवकों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में दिनेश गंभीर रूप से घायल
चाकू से हुए हमले में दिनेश गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रायपुर रेफर कर दिया।
एक ने चाकू चलाया या दोनों ने? पुलिस जांच में जुटी
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चाकू से हमला एक आरोपी ने किया या दोनों युवकों ने मिलकर हमला किया। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
दोनों युवकों के आदतन अपराधी होने की बात
बताया जा रहा है कि हमले के दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। फिलहाल पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।



