गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_ गरियाबंद में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों में जलस्तर बढ़ने से हादसों का खतरा लगातार बना हुआ है। इसी बीच देर रात एक ऐसा मामला सामने आया, जहां मारपीट की सूचना पर रवाना हुई डायल 112 की टीम ने रास्ते में तेज बहाव में बह रहे एक व्यक्ति को देखा और उसे बाहर निकाल कर उसकी जान बचाई।
![]() |
| 112 टीम निकालते व्यक्ति को बाहर |
मिली जानकारी के अनुसार, डायल 112 को रात करीब 12 बजे कोसमबुड़ा गांव से घरेलू लड़ाई-झगड़े और मारपीट की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही आरक्षक 515 कृष्ण कुमार राय और चालक अनुराग साहू तत्काल मौके के लिए रवाना हुए।
टीम कोसमबुड़ा की ओर जा ही रही थी कि इसी दौरान रास्ते में नागाबुड़ा नाला के ऊपर पानी का तेज बहाव दिखाई दिया। रात करीब 1 बजे के आसपास टीम की नजर पानी के तेज बहाव में बह रहे एक व्यक्ति पर पड़ी। स्थिति बेहद गंभीर थी और तेज बहाव के कारण व्यक्ति के बह जाने का खतरा बना हुआ था।
112 टीम ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला। बताया जा रहा है कि पानी के तेज बहाव में बहने के दौरान उसके हाथ के जोड़ में चोट आई थी और ज्वाइंट खिसक गया था। तत्काल उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल गरियाबंद लाया गया, जहां उसे उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान व्यक्ति की बाइक और मोबाइल फोन भी नागाबुड़ा नाला के तेज बहाव में बह गए। व्यक्ति छुरा क्षेत्र के आसपास का निवासी बताया जा रहा है और वह नागाबुड़ा में किसी रिश्तेदार के यहां जाने के लिए निकला था।
मारपीट की सूचना बनी जिंदगी बचाने की वजह
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे खास बात यह रही कि डायल 112 की टीम जिस समय कोसमबुड़ा में मारपीट की सूचना पर जा रही थी, उसी दौरान रास्ते में उनकी नजर तेज बहाव में फंसे व्यक्ति पर पड़ गई। अगर टीम की नजर समय रहते उस व्यक्ति पर नहीं पड़ती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
लगातार बारिश के चलते जिले के नदी-नालों में पानी का बहाव तेज है। ऐसे में रात के समय नदी-नालों को पार करना या उनके आसपास से गुजरना जानलेवा साबित हो सकता है। नागाबुड़ा नाला की घटना एक बार फिर बारिश के दौरान बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव के खतरे की तस्वीर सामने लाती है।
उसे बाहर लाने के दौरान आरक्षक 515 कृष्ण कुमार राय और चालक अनुराग साहू की तत्परता और सूझबूझ से व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।




