गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ शराब दुकान के पास हुए चाकूबाजी मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात के कुछ ही घंटों बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद फरार आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस को मुखबिर से अहम सुराग मिला, जिसके बाद टीम ने दबिश देकर दोनों को धर दबोचा।
वारदात के बाद छिपे बैठे थे आरोपी
बताया जा रहा है कि चाकूबाजी की घटना के बाद दोनों आरोपी पुलिस से बचने के लिए छिपे हुए थे। इसी दौरान पुलिस को उनके ठिकाने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर सोनू खान और सोनू ध्रुव को हिरासत में ले लिया।
अब खुलेगा चाकूबाजी का पूरा राज
पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात के दौरान किस आरोपी की क्या भूमिका थी और चाकू किसने चलाया।
बीच-बचाव करने पहुंचे दिनेश पर हुआ था हमला
दरअसल, शराब दुकान के पास दो युवकों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दिनेश देवबंशी पर चाकू से हमला कर दिया गया था। गंभीर रूप से घायल दिनेश को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर किया गया।
कुछ घंटों में गिरफ्तारी, पुलिस की कार्रवाई की चर्चा
घटना के बाद दोनों आरोपियों के फरार होने से इलाके में दहशत का माहौल था। लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए कुछ ही घंटों में दोनों को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। पूछताछ और जांच पूरी होने के बाद ही चाकूबाजी की वारदात में दोनों की वास्तविक भूमिका पूरी तरह स्पष्ट होगी।


