Top News

गजपल्ला वॉटरफॉल में जानलेवा स्टंट, 50 फीट ऊंचाई से छलांग लगाते दिखे पर्यटक, पहले भी हो चुका है हादसा

Ai जनरेट फोटो 
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़ 

गरियाबंद_ जिला मुख्यालय से लगभग 12 किलोमीटर दूर बारुका से अंदर जंगल की ओर स्थित गजपल्ला वॉटरफॉल इन दिनों पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। प्राकृतिक खूबसूरती और झरने की मनमोहक छटा लोगों को अपनी ओर खींचती है, लेकिन इसी खूबसूरत पर्यटन स्थल से अब जानलेवा स्टंट का वीडियो सामने आया है।

वायरल वीडियो में कुछ पर्यटक वॉटरफॉल की ऊंचाई और चट्टानों के बीच बेखौफ होकर स्टंट करते नजर आ रहे हैं। करीब 50 फीट ऊंचे वॉटरफॉल में इस तरह की लापरवाही किसी भी वक्त बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

खूबसूरती के बीच खतरे से खेल रहे पर्यटक

बारिश के मौसम में गजपल्ला वॉटरफॉल का नजारा बेहद आकर्षक हो जाता है। झरने में पानी का बहाव बढ़ने के साथ ही यहां की चट्टानें फिसलन भरी हो जाती हैं और कई स्थानों पर पानी की गहराई भी अधिक रहती है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक रोमांच और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल रहे हैं।

जुलाई 2025 में हो चुकी है युवती की मौत

गजपल्ला वॉटरफॉल में इससे पहले जुलाई 2025 में रायपुर की युवती महविश खान की डूबने से मौत हो चुकी है। युवती अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने पहुंची थी और गहरे पानी में चली गई थी। हादसे के बाद करीब 24 घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद काफी मशक्कत से युवती का शव बरामद किया गया था।

हादसे के बाद भी नहीं सुधरे हालात

पहले हो चुके हादसे के बावजूद पर्यटकों द्वारा इस तरह की लापरवाही चिंता का विषय है। प्रशासन की चेतावनी के बाद भी अगर लोग खतरनाक स्थानों पर जाकर स्टंट करते हैं, तो यह न सिर्फ उनकी अपनी जान के लिए खतरा है बल्कि दूसरों के लिए भी परेशानी का कारण बन सकता है।

वायरल वीडियो सामने आने के बाद अब सवाल उठ रहा है कि क्या गजपल्ला वॉटरफॉल में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर्याप्त है? पर्यटन स्थल पर चेतावनी बोर्ड, निगरानी और खतरनाक स्थानों पर पर्यटकों की आवाजाही रोकने के लिए सख्त व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही है।

प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने पहुंचे पर्यटकों से अपील है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी तरह के जानलेवा स्टंट से बचें। कुछ सेकंड का रोमांच जिंदगी भर का दर्द न बन जाए।

Previous Post Next Post