17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक होंगे जनसेवा और जागरूकता के विविध कार्यक्रम, 19 को मिनी मैराथन और 23 सितंबर को जुटेंगे एक हजार युवा
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क छत्तीसगढ़
गरियाबंद_ जिले में जनभागीदारी के जरिए विकास और जनसेवा को नई गति देने की तैयारी शुरू हो गई है। कलेक्टर रणबीर शर्मा ने समय-सीमा की बैठक में आगामी कार्यक्रमों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान
छत्तीसगढ़ सरकार के सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिलेभर में विभिन्न जनसेवा और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के साथ सेवा, सुशासन और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करना है।
कलेक्टर ने अभियान के लिए नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम केवल औपचारिकता तक सीमित न रहें, बल्कि इनमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
आशीर्वाद का दीया से कहानी बदलाव तक होंगे आयोजन
अभियान के दौरान ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’ सहित कई गतिविधियां आयोजित होंगी। इसके साथ ही सेवा ज्योति यात्रा, जल जन सेवा संकल्प, नदी घाट स्वच्छता और सेवा शिविरों के माध्यम से लोगों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
19 सितंबर को मिनी मैराथन, 23 को युवा उड़ान
19 सितंबर को सेवा संकल्प मिनी मैराथन का आयोजन प्रस्तावित है। कलेक्टर ने रूट, यातायात, सुरक्षा, पेयजल और प्रतिभागियों से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
वहीं 23 सितंबर को ‘युवा उड़ान 2026’ सम्मेलन आयोजित होगा, जिसमें करीब एक हजार युवा शामिल होंगे। सम्मेलन में विषय विशेषज्ञ युवाओं से संवाद कर शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण के विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
शिकायतों के निराकरण और विकास कार्यों पर भी फोकस
बैठक में सीएम हेल्पलाइन 1076 की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा श्रमिक पंजीयन, ई-केवाईसी, नालंदा परिसर, केंद्रीय विद्यालय, आरसेटी भवन, एसटीपी, तहसील भवन, जीएडी क्वार्टर और कॉलेज भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
जलप्रपातों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के निर्देश
बारिश के मौसम में जलप्रपातों और पर्यटन स्थलों पर बढ़ती भीड़ को देखते हुए कलेक्टर ने सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश दिए। संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा संकेतक और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग कराने के साथ पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर ही जाने के लिए जागरूक करने कहा गया।
स्कूल, आंगनबाड़ी और आश्रम-छात्रावासों के आसपास तालाब एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निगरानी के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सुविधाओं और योजनाओं पर जोर
कलेक्टर ने एंटी स्नेक वेनम, एंटी रेबीज सहित आवश्यक स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए आपात स्थिति में तत्काल उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पीएम वय वंदन योजना के तहत पात्र वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाने और डॉ. अंबेडकर हेल्थ स्कीम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जिले में संचालित प्रत्येक जनकल्याणकारी योजना का अंतिम उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए। उन्होंने सभी विभागों को संवेदनशीलता, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।


