Top News

शिक्षा के मंदिर में शर्मनाक कथित कृत्य! स्कूल कार्यालय में शराब पीते मिले दो शिक्षक, पत्रकार से अभद्रता का भी आरोप

AI जनरेट फोटो 

गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

मैनपुर_गरियाबंद जिले के मैनपुर अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) से शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। स्थानीय मीडिया टीम के औचक निरीक्षण के दौरान दो शिक्षक-मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान-स्कूल के कार्यालय कक्ष में कथित रूप से शराब और चखने के साथ बैठे मिले। आरोप है कि इस दौरान छात्र-छात्राएं पढ़ाई के बजाय स्कूल परिसर में इधर-उधर मौजूद थे और शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा था।

कार्यालय में कथित शराब पार्टी, कक्षाओं में नहीं हुई पढ़ाई

मीडिया टीम के अनुसार निरीक्षण के समय तीन शिक्षक अवकाश पर थे, जबकि दो शिक्षक कथित रूप से नशे की हालत में मिले। आरोप है कि दोनों शिक्षक निर्धारित ड्रेस कोड के विपरीत टी-शर्ट और कार्गो जींस में थे तथा स्कूल में नियमित शिक्षण कार्य नहीं हो रहा था।

पत्रकार से अभद्र व्यवहार का आरोप

मीडिया टीम का आरोप है कि जब शिक्षकों से पूरे मामले को लेकर सवाल पूछे गए तो उन्होंने कथित रूप से आक्रोशित होकर अपशब्दों और अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। पत्रकार के साथ दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आने का दावा किया जा रहा है।

बीईओ देवनाथ बघेल ने कहा – जानकारी मिली है, होगी कार्रवाई

मामले में मैनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) देवनाथ बघेल ने कहा कि "आपके माध्यम से मुझे इस मामले की जानकारी मिली है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।"

शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल

यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो यह केवल अनुशासनहीनता का मामला नहीं, बल्कि शिक्षा के मंदिर की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाला गंभीर कृत्य माना जाएगा। जिस विद्यालय में बच्चों को संस्कार और अनुशासन की सीख दी जाती है, वहां इस तरह की कथित गतिविधियां पूरे शिक्षा तंत्र पर सवाल खड़े करती हैं।

ग्रामीणों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

घटना सामने आने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों में नाराजगी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले शिक्षकों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की मांग की है।

Previous Post Next Post