file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

बड़ी अपटेड: खेत जुताई के दौरान पलटा ट्रैक्टर, इलाज के दौरान 32 वर्षीय चालक की मौत; रिवर्स लेते समय गड्ढे में गिरा था वाहन


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_देवभोग थाना क्षेत्र के चलनापदर गांव में खेत की जुताई के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में काम करते समय ट्रैक्टर रिवर्स लेते वक्त अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिर गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक चालक की पहचान टिके कुमार (32 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने मामा के ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहा था। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर डूमरपीटा गांव का है और उसके मामा का है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुताई के दौरान ट्रैक्टर को रिवर्स करते समय चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन गड्ढे में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक उसके नीचे दब गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य करते हुए घायल को बाहर निकाला और उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया। अस्पताल पहुंचते ही चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बीएमओ डॉ. प्रकाश साहू ने बताया कि घायल टिके कुमार को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। चिकित्सकों ने तत्काल उपचार शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने बताया कि ट्रैक्टर के ऊपर चढ़ जाने से उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आई थीं तथा उसके कान से भी खून निकल रहा था।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।