गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_लगातार हो रही बारिश के बीच जिला प्रशासन ने लोगों की सुरक्षा को लेकर महत्वपूर्ण एडवाइजरी जारी की है। कलेक्टर बी.एस. उइके ने जिलेवासियों से अपील की है कि नदी-नालों, पुल-पुलियों और जलभराव वाले क्षेत्रों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। यदि किसी पुल या पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा हो, तो उसे पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें। थोड़ी सी जल्दबाजी जानलेवा साबित हो सकती है।
पुल-पुलियों पर बहते पानी को पार न करें
कलेक्टर ने विशेष रूप से स्कूली बच्चों, अभिभावकों और ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिक जलभराव, क्षतिग्रस्त पुल-पुलियों और डायवर्सन वाले मार्गों पर सूचना बोर्ड लगाए जा रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों को लोगों को लगातार जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।
बारिश के दौरान रेत उत्खनन पर पूर्ण प्रतिबंध
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि बारिश के मौसम में नदी-नालों से रेत उत्खनन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अवैध उत्खनन से दूर रहें और ऐसी किसी गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें।
प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि बारिश के दौरान सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।


