खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर लगातार दो दिनों की कार्रवाई, जब्त सामग्री की कीमत करीब ₹31.31 लाख
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ गरियाबंद जिले के देवभोग थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगातार दो अलग-अलग मामलों में कुल 48.300 किलोग्राम अवैध गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 03 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त 02 चारपहिया वाहन और 04 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। जब्त सामग्री का कुल मूल्य करीब 31 लाख 31 हजार रुपये बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अंतर्राज्यीय खुटगांव चेक पोस्ट पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान उड़ीसा और महाराष्ट्र की ओर से छत्तीसगढ़ में प्रवेश कर रहे संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।
पहले मामले में कार क्रमांक CG 08 AA 2218 की डिक्की से प्लास्टिक बोरी में रखा 08.100 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। वहीं दूसरे मामले में मारुति रिट्ज कार क्रमांक MH 51 A 2012 से 40.200 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। एनडीपीएस किट से जांच में बरामद पदार्थ गांजा होना पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपियों से गांजा रखने एवं परिवहन के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से गांजा, दोनों वाहन और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए।
तीनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना की जा रही है। देवभोग पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।





