file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

कोदोमाली के पास रातभर थमा सफर: सड़क पर पेड़ गिरने से आधी रात से लगा लंबा जाम, सैकड़ों यात्री परेशान

रात 12 बजे से लगा लंबा जाम, दोनों ओर वाहनों की कतार; प्रशासन और वन विभाग की टीम यातायात बहाल करने में जुटी।


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद गरियाबंद 

गरियाबंद_लगातार बारिश के बीच कोदोमाली के पास सड़क पर एक विशाल पेड़ गिर जाने से रविवार देर रात करीब 12 बजे से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर ट्रक, बस, कार और अन्य वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे सैकड़ों यात्रियों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शी नीलम नागेश ने बताया कि वे स्वयं भी इस जाम में फंसे हुए हैं। उनके अनुसार, पेड़ गिरने के बाद दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई और लगातार बारिश के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

घटना की सूचना मिलने पर प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है। अधिकारी और कर्मचारी सड़क पर गिरे पेड़ को हटाकर मार्ग साफ करने में जुटे हुए हैं। प्रशासन का प्रयास है कि जल्द से जल्द यातायात सामान्य कर लोगों को राहत पहुंचाई जा सके।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के साथ मिलकर मार्ग बहाल करने में सहयोग किया। समाचार लिखे जाने तक पेड़ हटाने का कार्य जारी था और अधिकारियों का कहना है कि मार्ग जल्द ही पूरी तरह यातायात के लिए खोल दिया जाएगा।