गरियाबंद_ गरियाबंद जिले के विकासखंड देवभोग के ग्राम पंचायत मुड़ागांव में सोमवार को करलाकोट गांव में सीसी सड़क निर्माण की मांग को लेकर सैकड़ों ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-130C पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। आंदोलन का नेतृत्व भाजयुमो जिला अध्यक्ष हेमंत नागेश ने किया।
करीब एक घंटे तक हाईवे जाम रहने के कारण यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच कई बार तीखी नोकझोंक भी हुई। बाद में प्रशासन के समझाने और मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाने के आश्वासन के बाद जाम समाप्त कराया गया।
बरसात में गांव की सड़क बन जाती है दलदल
ग्रामीणों का कहना है कि करलाकोट गांव तक पहुंचने वाली एकमात्र सड़क बरसात के दिनों में कीचड़ और गड्ढों में तब्दील हो जाती है। इससे मरीजों को अस्पताल ले जाने, स्कूली बच्चों के आवागमन और रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी होती है। लंबे समय से सीसी सड़क की मांग किए जाने के बावजूद अब तक निर्माण नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस जिला अध्यक्ष
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुखचंद बेसरा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गांव के भीतर जाकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नेताओं की मांग भी पूरी नहीं हो रही है, तो आम लोगों की समस्याओं का अंदाजा लगाया जा सकता है। साथ ही उन्होंने विकास के दावों पर भी सवाल उठाए।
प्रशासन ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा
प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि उनकी मांग शासन के उच्च स्तर तक पहुंचाई जाएगी और जल्द समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने अपना आंदोलन समाप्त कर हाईवे से जाम हटा दिया।
मांगों से प्रशासन को कराया जाएगा अवगत
तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने कहा कि हाइवे से प्रदर्शनकारियों को हटाया गया है। रास्ता बहाल कर दिया गया है। उनसे मांग पत्र लिया गया, जिसे उच्च कार्यालय के माध्यम से प्रशासन को अवगत करा दिया जाएगा।





