file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

भाई बना शिकारी! तीर-कमान से सगे भाई पर जानलेवा हमला, पीठ में घुसा तीर, हालत गंभीर


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

देवभोग_गरियाबंद जिले के अमलीपदर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुमरापदर से रिश्तों को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक सगे भाई ने कथित रूप से तीर-कमान से अपने ही भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में तीर पीठ में घुसकर शरीर के भीतर गहराई तक पहुंच गया, जिससे घायल की हालत गंभीर हो गई।

जानकारी के अनुसार कमार भुंजिया जनजाति के गन सिंह कमार पर उनके सगे भाई रज्जो कमार ने कथित रूप से तीर-कमान से हमला किया। हमले के बाद घायल गन सिंह को 108 एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमलीपदर लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर किया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए रायपुर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे घायल के जीजा पर भी आरोपी ने तीर-कमान से हमला कर दिया, जिससे वे भी घायल हो गए। उनका भी उपचार जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना की वजह आपसी या जमीन संबंधी विवाद बताई जा रही है। हालांकि पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।
घटना के बाद आरोपी रज्जो कमार फरार हो गया। अमलीपदर थाना पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। समाचार लिखे जाने तक आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।

यह घटना केवल एक आपराधिक वारदात नहीं, बल्कि रिश्तों में बढ़ती कटुता की भी दर्दनाक तस्वीर पेश करती है। जिस तीर-कमान का उपयोग कभी जंगलों में शिकार के लिए किया जाता था, उसी हथियार से अपने ही सगे भाई पर हमला किए जाने की घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। अब पूरे मामले की सच्चाई पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगी। फिलहाल क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा का माहौल है और सभी की निगाहें आरोपी की गिरफ्तारी तथा जांच के निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं।