file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आए बाइक सवार की दर्दनाक मौत, दो घायल


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार यात्री बस की चपेट में आने से एक बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए फिंगेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यात्री बस छुरा से राजिम की ओर जा रही थी, जबकि बाइक सवार युवक बेलर की दिशा में जा रहा था। ग्राम परसट्ठी के पास दोनों वाहनों की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर गिर पड़ा और बस की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू की। दुर्घटनाग्रस्त बस को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक की तत्काल पहचान नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी में उसके बिलासपुर क्षेत्र का निवासी होने की संभावना जताई जा रही है। उसकी शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।