महेश्वरी समाज के सेवा भाव को मिला जनसमर्थन, सैकड़ों जरूरतमंदों ने उठाया लाभ
देवभोग_ महेश्वरी समाज देवभोग, महेश्वरी युवा मंडल एवं महेश्वरी महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में झाखरपारा में आयोजित नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर पूरी तरह सफल रहा। शिविर में क्षेत्र के ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराई। समाज की इस जनसेवा पहल की लोगों ने खुलकर सराहना की।
245 मरीजों की जांच, 108 में मिला मोतियाबिंद
शिविर में कुल 245 मरीजों की आंखों की जांच विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा की गई। जांच के दौरान 108 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इनमें से 34 मरीजों को सोमवार को ही रायपुर स्थित MGM नेत्र अस्पताल ऑपरेशन के लिए भेज दिया गया, जबकि शेष मरीजों को 8 और 10 जुलाई को दो अलग-अलग चरणों में रायपुर ले जाकर नि:शुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा।
करीब 130 लोगों को मिला नि:शुल्क चश्मा
शिविर में जरूरतमंद करीब 130 मरीजों को नि:शुल्क चश्मों का वितरण भी किया गया। इससे दूर-दराज़ के ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली और उन्हें बेहतर दृष्टि के लिए तत्काल सहायता प्राप्त हुई।
चाय-नाश्ते से लेकर मरीजों की हर सुविधा का रहा इंतजाम
आयोजन के दौरान आने वाले सभी मरीजों और उनके परिजनों के लिए चाय-नाश्ते सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे शिविर में सेवा भाव और अनुशासित व्यवस्था देखने को मिली, जिससे मरीजों ने आयोजकों की प्रशंसा की।
युवा शक्ति और महिला मंडल ने निभाई अहम भूमिका
शिविर की सफलता में अनिल महेश्वरी, मयूर भट्टर, सुभाष महेश्वरी, दोरेलाल गांधी, आकाश महेश्वरी, आनंद सारड़ा, मंगल सारड़ा, दुर्गेश महेश्वरी, निखिल महेश्वरी और सुयश बागड़ी सहित महेश्वरी युवा संगठन के सभी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। वहीं महेश्वरी महिला मंडल की ओर से लता महेश्वरी, आरती सारड़ा एवं मधु महेश्वरी सहित सभी महिलाओं ने सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और पूरे आयोजन को सफल बनाने में अहम भूमिका अदा की।
समाज सेवा की मिसाल बना आयोजन
इस नि:शुल्क नेत्र जांच शिविर ने साबित किया कि समाज के सामूहिक प्रयासों से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं आसानी से पहुंचाई जा सकती हैं। ग्रामीणों ने ऐसे जनहितकारी आयोजनों को समय-समय पर आयोजित करने की मांग की, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा का लाभ मिलता रहे। महेश्वरी समाज का यह प्रयास क्षेत्र में मानव सेवा की प्रेरणादायक मिसाल बन गया।





