देवभोग_ गरियाबंद जिले के ओडिशा सीमा से लगे देवभोग थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध खाद परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 280 बोरी डीएपी खाद से भरे एक मेटाडोर को जब्त किया है। जब्त खाद की कीमत 3.50 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
जानकारी के अनुसार यह खाद ओडिशा के सीनापाली क्षेत्र से लाई जा रही थी और इसे जांगड़ा के एक मक्का कारोबारी तक पहुंचाया जाना था। देवभोग पुलिस ने रात्रि गश्त के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की, जहां चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन सहित 280 बोरी डीएपी खाद को जब्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए कृषि विभाग को सौंप दिया।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह उरमाल के एक लाइसेंसी व्यापारी के कहने पर 8 हजार रुपये किराए में यह खेप लेकर आ रहा था। मामले में पुलिस और कृषि विभाग संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं तथा खाद के स्रोत, गंतव्य और संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और युद्ध के प्रभाव के कारण रासायनिक खाद के उत्पादन एवं आपूर्ति पर असर पड़ा है। ऐसे में खाद की मांग बढ़ने के साथ कुछ कारोबारी नियमों की अनदेखी कर अवैध भंडारण और कालाबाजारी में जुटे हुए हैं। देवभोग पुलिस की यह कार्रवाई ऐसे कारोबारियों के लिए बड़ा संदेश मानी जा रही है।




