file-000000002bbc7207aa855e46d6c924c5

देवभोग के करलागुड़ा निवासी 25 वर्षीय युवक की खाई में गिरने से मौत की आशंका, घर से बिना बताए निकला था; राम मंदिर के पास मिली बाइक, कई सवाल बरकरार।


गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
 

गरियाबंद_देवभोग विकासखंड के ग्राम पंचायत करलागुड़ा निवासी लगभग 25 वर्षीय लोकेश सिंह दोरिया (पिता- अमृत लाल दोरिया) की ओडिशा के कालाहांडी जिले स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डोंगरीचचरा में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार युवक बुधवार सुबह घर से बिना बताए निकला था और शाम करीब 5:30 बजे डोंगरीचचरा के राम मंदिर के पास खाई में उसका शव मिलने की सूचना सामने आई।
घटना स्थल का फोटो 

मृतक की हीरो मोटरसाइकिल (CG 04 LS 8293) पर्यटन स्थल के बाहर खड़ी मिली। बताया जा रहा है कि वाहन अंदर तक नहीं जा सकता, इसलिए बाइक बाहर ही खड़ी थी।

खाई में मिला शव, लेकिन पानी में नहीं

स्थानीय लोगों के अनुसार युवक झरने के ऊपर वाले हिस्से से लगभग 100 फीट ऊंचाई से खाई में गिरा। हालांकि उसका शव पानी में नहीं, बल्कि पानी से करीब दो मीटर दूर पड़ा मिला। इस वजह से घटना को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं।

हादसा या फिर कोई और वजह?

घटना की जानकारी पर्यटन स्थल समिति के एक सदस्य द्वारा दी गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवक का पैर फिसलने से हादसा हुआ या फिर मामला किसी अन्य कारण से जुड़ा है। परिजन गहरे सदमे में हैं और अभी आधिकारिक रूप से पुलिस जांच का इंतजार कर रहे हैं।

पुलिस जांच के बाद ही होगा खुलासा

घटना को लेकर कई तरह की चर्चाएं हैं, लेकिन मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल इसे संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत माना जा रहा है।