गरियाबंद-छुरा मार्ग के परसुली के पास हादसा, बाइक सवार पुरुष घायल; लगातार दुर्घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश, सड़क सुरक्षा की उठी मांग
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद
गरियाबंद_ जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को गरियाबंद-छुरा मार्ग पर ग्राम परसुली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मां ट्रेवल्स की बस से हुई टक्कर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागबाहरा क्षेत्र के भीखापाली निवासी एक महिला और पुरुष मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गरियाबंद से खड़मा की ओर जा रही मां ट्रेवल्स की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि घायल पुरुष को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दो दिन में दूसरी मौत से ग्रामीणों में आक्रोश
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इसी स्थान के आसपास दो दिन पहले भी एक सड़क हादसे में कार की टक्कर से एक व्यक्ति की जान गई थी। लगातार दूसरी मौत के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं है और सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं किए गए हैं।
प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटनास्थल पर स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, नियमित पुलिस निगरानी और अन्य आवश्यक सड़क सुरक्षा उपाय तत्काल लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो इस मार्ग पर ऐसे हादसे आगे भी होते रह सकते हैं।


