देवभोग_आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध रूप से जुताई किए जाने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर को जब्त किया है। यह कार्रवाई 4 जुलाई 2026 को वनमंडलाधिकारी श्री ससिगानंदन के. के निर्देश एवं उप वनमंडलाधिकारी श्री मनोज कुमार चन्द्राकर के मार्गदर्शन में की गई।
ओडिशा सीमा से लगे वन क्षेत्र में कार्रवाई
वन विभाग के अनुसार, वनपरिक्षेत्र इंदागांव (देवभोग) अंतर्गत परिक्षेत्र सहायक वृत्त अमलीपदर के परिसर कोतराडोंगरी, वनकक्ष क्रमांक 1004 आरएफ में, जो ओडिशा सीमा से लगा आरक्षित वन क्षेत्र है, वहां अवैध रूप से जुताई की जा रही थी। सूचना मिलते ही वन अमले ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।
मौके से ट्रैक्टर किया गया जब्त
कार्रवाई के दौरान महिंद्रा यूवो टेक+ 405 डीआई ट्रैक्टर (क्रमांक CG 23P 7628) को अवैध जुताई करते हुए पकड़ा गया। वन विभाग ने ट्रैक्टर को मौके से जब्त कर वन अपराध प्रकरण POR No. 20964/04, दिनांक 04 जुलाई 2026 के तहत मामला दर्ज किया।
वन अपराध प्रकरण दर्ज, जांच जारी
वन विभाग ने बताया कि जब्त ट्रैक्टर को नियमानुसार कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच जारी है तथा वन अधिनियम के प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पूरी टीम रही मौजूद
इस कार्रवाई में वनपरिक्षेत्र अधिकारी इंदागांव (देवभोग) के नेतृत्व में परिक्षेत्र के समस्त वनकर्मियों ने भाग लिया। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आरक्षित वन क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



