Top News

अमलीपदर में शासकीय कॉलेज की उम्मीद जगी, मुख्यमंत्री के निर्देश पर शासन ने शुरू की प्रक्रिया

AI जनरेट फोटो
गजानंद कश्यप छत्तीसगढ़ न्यूज डेस्क गरियाबंद 

गरियाबंद_ मैनपुर विकासखंड के अमलीपदर क्षेत्र में लंबे समय से उठ रही नवीन शासकीय महाविद्यालय की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को सौंपे गए आवेदन पर उच्च शिक्षा संचालनालय ने आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

मुख्यमंत्री को सौंपा गया था आवेदन

भारतीय जनता पार्टी के जिला मंत्री एवं झाकरपारा मंडल प्रभारी डॉ. मनीष सिन्हा ने जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर की अनुशंसा पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को अमलीपदर में नवीन शासकीय महाविद्यालय की स्थापना के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था।

उच्च शिक्षा संचालनालय ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री कार्यालय से आवेदन प्राप्त होने के बाद उच्च शिक्षा संचालनालय, छत्तीसगढ़ शासन ने संबंधित अधिकारियों को प्रस्तावित स्थल का परीक्षण कर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। इससे महाविद्यालय स्थापना की प्रशासनिक प्रक्रिया औपचारिक रूप से आगे बढ़ गई है।

जनआंदोलन का असर, छात्रों की रैली और ज्ञापन के बाद बढ़ी प्रक्रिया

अमलीपदर क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय की मांग को लेकर छात्र-छात्राओं, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने कुछ समय पूर्व गांव में विशाल रैली निकालकर तहसीलदार कार्यालय का घेराव किया था। इस दौरान कलेक्टर एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में शीघ्र शासकीय महाविद्यालय की स्थापना की मांग की गई थी। क्षेत्रवासियों का कहना था कि लंबे समय से उच्च शिक्षा के लिए स्थानीय विद्यार्थियों को दूर-दराज के शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर और आदिवासी परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती है।

अब मुख्यमंत्री कार्यालय से आवेदन पर कार्रवाई शुरू होने और उच्च शिक्षा संचालनालय द्वारा प्रस्तावित स्थल के परीक्षण के निर्देश जारी होने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने इसे उनके लंबे संघर्ष और जनआंदोलन की बड़ी सफलता बताते हुए उम्मीद जताई है कि अमलीपदर को जल्द ही शासकीय महाविद्यालय की सौगात मिलेगी।

ग्रामीण और आदिवासी विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

डॉ. मनीष सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में अमलीपदर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए दूर-दराज के शहरों में जाना पड़ता है। क्षेत्र में शासकीय महाविद्यालय खुलने से हजारों विद्यार्थियों, विशेषकर ग्रामीण एवं आदिवासी छात्र-छात्राओं को स्थानीय स्तर पर उच्च शिक्षा की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री और शासन का जताया आभार

डॉ. मनीष सिन्हा ने इस सकारात्मक पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, जिला अध्यक्ष अनिल चंद्राकर तथा छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अमलीपदर को जल्द ही नवीन शासकीय महाविद्यालय की सौगात मिलेगी।

Previous Post Next Post