गरियाबंद_जिले में खाद एवं बीज की कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण के खिलाफ कृषि विभाग ने लगातार दूसरे दिन बड़ी कार्रवाई करते हुए 242 बोरी यूरिया उर्वरक जब्त किया है। इससे पहले भी विभाग ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर 186 बोरी खाद एवं बीज जब्त किए थे। पिछले कुछ दिन पहले ओर आज दोनों मिलाकर कुल 428 बोरी खाद-बीज जब्त होने से अवैध कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
कलेक्टर भगवान सिंह उईके के निर्देश तथा उप संचालक कृषि चंदन राय के मार्गदर्शन में उर्वरक, बीज एवं कीटनाशी निरीक्षकों द्वारा मैनपुर विकासखंड में लगातार औचक निरीक्षण किया जा रहा है।
पूर्व कार्रवाई में ग्राम गुड़भेली में विद्याधर यादव के निवास से 60 बोरी रासायनिक उर्वरक (35 बोरी यूरिया, 15 बोरी पोटाश एवं 10 बोरी एनपीके) अवैध रूप से भंडारित पाया गया था। वहीं ग्राम तेतलपारा में खेमाधर नागेश की किराना दुकान से 126 बोरी धान बीज बिना वैध अनुमति के संग्रहित मिला था। कृषि विभाग ने इसे उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985, बीज अधिनियम 1966, बीज नियम 1968 एवं बीज (नियंत्रण) आदेश 1983 का उल्लंघन मानते हुए कुल 186 बोरी खाद एवं बीज जब्त कर विक्रय पर प्रतिबंध लगाया था।
इसी कड़ी में मंगलवार को ग्राम धुरवागुड़ी में मनमोहन राजपूत के निवास पर 242 बोरी यूरिया उर्वरक अवैध रूप से भंडारित पाया गया। निरीक्षण दल ने मौके पर उपलब्ध समस्त यूरिया जब्त कर विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया तथा संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 एवं अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खाद एवं बीज खरीदें, पक्का बिल अवश्य लें तथा कालाबाजारी, अवैध भंडारण या अधिक कीमत पर बिक्री की सूचना तत्काल विभागीय अधिकारियों को दें। शासन द्वारा खाद एवं बीज वितरण व्यवस्था की सतत निगरानी की जा रही है और किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त सामग्री उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।



